
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजस्थान दौरे पर हैं। प्रदेश में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस को भारत माता की जय बोलने में शर्म आती है। हमारी पार्टी गर्व से भारत माता का जयकारा लगाती है। शाह ने कहा कि उनकी सरकार ने कांग्रेस की तुलना में ज्यादा रुपए के विकास कार्य करवाए हैं। शाह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की हालत ऐसी है कि आपको टेलीस्कोप का इस्तेमाल कर भारत के नक्शे पर खोजना होगा। सही मायने में कांग्रेस पार्टी में लोकतंत्र का अभाव है। हकीकत में कांग्रेस पार्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह है, जिसका संबंध गांधी और नेहरू परिवार से जुड़ा हुआ है। इस दौरान शाह ने विकास कार्यों को गिनाया।