
शाह ने दिलाया कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प, बोले हम गहलोत सरकार नहीं गिराएंगे बल्कि 2023 में बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनाएंगे
जयपुर।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा के मिशन—2023 का आगाज करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रदेश की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया है। शाह ने प्रदेश की गहलोत सरकार को निकम्मी और भ्रष्टाचारी सरकार करार दिया और साफ कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार को भाजपा नहीं गिराएगी, बल्कि साल 2023 में बहुमत के साथ बीजेपी अपनी मजबूत सरकार बनाएगी।
जेईसीसी में हुए जनप्रतिनिधि संकल्प सम्मेलन में शाह प्रदेश की गहलोत सरकार पर जमकर प्रहार किए। शाह ने कहा हम तो यही चाहते हैं कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार 5 साल पूरा करे, लेकिन जनता का काम भी करें। शाह ने गहलोत पर तंज कसते हुए कहा कि गहलोत यूपी और गुजरात जाना बंद करे और राजस्थान के हालात सुधारे। अपने 25 मिनट के भाषण की शुरुआत शाह ने राजस्थान की शौर्य गाथा का बखान करते हुए की। उन्होंने राजस्थान की भूमि को वीर, त्याग और भक्ति की भूमि बताया। उन्होंने पन्नाधाय के त्याग और वीर दुर्गादास की वीरता का बखान किया। इसके बाद शाह ने शाह ने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और फैसलों को गिनाया और वसुंधरा राजे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की तारीफ करते हुए गहलोत सरकार पर इन्हें बंद करने के आरोप लगाए। महासम्मेलन में करीब 8000 जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें भाजपा के टिकट पर जीते पंचायती राज, नगर निकाय चुनाव और सहकारिता के क्षेत्र तक के जनप्रतिनिधि भी शामिल रहे।
गरीबी नहीं हटा पाए, मगर गरीब को मिटाना शुरू किया
शाह ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने 70 के दशक में गरीबी हटाओ का नारा दिया था लेकिन कांग्रेस ने गरीबी नहीं हटा पाई तो गरीब को हटाने का काम किया है। लेकिन साल 2014 में जब भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार आई तब देश में शौचालय नहीं थे, गरीब के घर एलपीजी गैस नहीं थी। 7 साल में मोदी सरकार ने घर—घर में रसोई गैस, शौचालय और नलों के जल की व्यवस्था की है।
लॉ एंड ऑर्डर यानि लो और ऑर्डर करो
शाह ने प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भी गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अपराध चरम सीमा पर पहुंच गए हैं। लेकिन यहां की सरकार ने लॉ एंड ऑर्डर का मतलब 'लो और ऑर्डर करो' कर दिया है। शाह ने कहा कि यहां ट्रांसफर इंडस्ट्री लग गई है।
मनमोहन सरकार भी निशाने पर
राहुल गांधी पर भी कटाक्ष करते हुए शाह ने कहा कि राहुल गांधी भले ही कोई काम नहीं करते हों लेकिन ट्वीट जरूर करते हैं। उन्होंने मनमोहन सिंह की सरकार को मौनी बाबा की सरकार बताया और कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में देश और सेना पर हमला होता था तो वे चुप बैठ जाते थे, लेकिन मोदी सरकार के कार्यकाल में पाकिस्तान को हर हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया और सर्जिकल स्ट्राइक की।
यूपी के साथ राजस्थान में चुनाव हों तो पता चल जाएगा
शाह ने कहा कि गहलोत सरकार राजस्थान में जन समर्थन का दावा करती है, लेकिन यूपी के साथ यदि राजस्थान में चुनाव करवा दिए जाएं तो उन्हें भी उनकी सरकार और पार्टी की स्थिति का पता चल जाएगा।
मंच पर इन्हें मिली जगह
मंच पर अमित शाह की मौजूदगी में राजस्थान से आने वाले तीनों केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी भी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पार्टी, प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, राष्ट्रीय मंत्री अलका सिंह गुर्जर, राष्ट्रीय प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौड़, संसद दीया कुमारी, राज्यसभा सांसद ओम प्रकाश माथुर के साथ ही प्रदेश कोर समिति से जुड़े सभी प्रमुख नेता मौजूद रहे।
Published on:
05 Dec 2021 07:46 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
