24 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: अस्पताल से छुट्टी के बाद घर पहुंचे गहलोत, परिवार के साथ बिताया समय

एसएमएस अस्पताल स्टाफ की प्रशंसा की गहलोत ने

2 min read
Google source verification
ashok gehlot

ashok gehlot

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की तबीयत में लगातार सुधार होने के बाद रविवार को चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री को अस्पताल से डिस्चार्ज करके घर भेज दिया। हालांकि चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को घर पर ही आराम करने और कामकाज से फिलहाल दूर रहने की सलाह दी है।

इसके अलावा तकरीबन 15 दिनों तक चिकित्सकों की एक टीम भी मुख्यमंत्री आवास पर मौजूद रहेगी जो 24 घंटे मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य पर नजर रखेगी। सीएम अशोक गहलोत सवाई मानसिंह अस्पताल से बाहर निकल कर लोगों का हाथ जोड़कर धन्यवाद दिया।

जैसे ही मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास पर पहुंचे तो उनकी पुत्री-दामाद, पुत्र-पुत्रवधू पत्नी और पोती ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा और मुख्य सचेतक महेश जोशी भी सीएम हाउस पहुंचे थे। सीएम आवास पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिन भर अपने परिवारजनों के साथ समय बिताया और कुछ देर आराम भी किया।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने परिवार जनों के साथ समय बिताने की फोटो सोशल मीडिया पर भी शेयर की है। अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को अस्पताल में भर्ती करौली निवासी 2 वर्षीय 25 जिया कुमारी जिसके दिल में छेद का बिना ऑपरेशन सफल इलाज हुआ है। उसके परिजनों और चिकित्सकों से मिलकर उसकी कुशलक्षेम जानी।

पोती ने लगाया तिलक
वहीं अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद घर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पोती काश्विनी ने उनके तिलक लगाया। इस दौरान चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत भी मौजूद रहे।

अस्पताल स्टाफ की तारीफ
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एसएमएस अस्पताल के स्टाफ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि मैंने देखा है कि एसएमएस अस्पताल में सभी मरीजों की सेवा अच्छी तरह से करने का प्रयास किया जाता है। इसके लिए हॉस्पिटल स्टाफ प्रशंसा का पात्र है।

सीएम ने लिखा कि मैं सकुशल अपने राजकीय आवास पर पहुंच गया हूं। एसएमएस हॉस्पिटल के समस्त डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, वार्ड बॉय, सफाईकर्मी सहित तमाम स्टाफ को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने बहुत अच्छे से मेरा ध्यान रखा।

गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह अचानक मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उनकी सफल एंजियोप्लास्टी की गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस-भाजपा सभी दलों के नेताओं ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी।