
फाइल फोटो: पत्रिका
People Demand To Extend Metro Phase-2 To Chomu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। इसी बीच ग्रामीणों ने मांग उठाई है कि मेट्रो को टोड़ी मोड़ तक सीमित न रखकर चौमूं तक विस्तारित किया जाए। उनका कहना है कि इससे रोजाना हजारों यात्रियों, विद्यार्थियों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों का तर्क है कि जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात के दबाव, सड़क दुर्घटनाओं और निजी वाहनों पर निर्भरता को देखते हुए मेट्रो का विस्तार समय की आवश्यकता है। यदि मेट्रो लाइन चौमूं तक जाती है तो जैतपुरा सहित लाखों ग्रामीणों को जयपुर तक आसान, सुरक्षित और सस्ता आवागमन मिल सकेगा।
जयपुर मेट्रो का फेज-2 शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्सों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण कॉरिडोर होगा। ये लाइन सीकर रोड स्थित टोड़ी मोड़ से शुरू होकर टोंक रोड के प्रहलादपुरा तक जाएगी। इस परियोजना की कुल लंबाई करीब 42 KM होगी। इसके जरिए जयपुर शहर के कई प्रमुख इलाके एक-दूसरे से सीधे जुड़ जाएंगे।
मेट्रो फेज-2 शुरू होने के बाद जयपुर शहर के वीकेआई इंडस्ट्रियल एरिया, विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी, कलेक्ट्रेट, चांदपोल, एसएमएस अस्पताल, नारायण सिंह सर्कल, दुर्गापुरा, सांगानेर, सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया और प्रहलादपुरा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों तक लोगों की पहुंच आसान हो जाएगी। इससे कर्मचारियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, मरीजों और रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बेहतर, तेज और सुविधाजनक परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।
इस परियोजना की खास बात एयरपोर्ट कनेक्टिविटी होगी। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में एक आधुनिक मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। सुरक्षा और तकनीकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सांगानेर से एयरपोर्ट तक का हिस्सा अंडरग्राउंड रहेगा। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक सीधी और सुविधाजनक मेट्रो सेवा मिल सकेगी। मेट्रो फेज-2 कॉरिडोर में कुल 36 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें 34 स्टेशन एलिवेटेड यानी जमीन से ऊपर बनाए जाएंगे और 2 स्टेशन अंडर ग्राउंड होंगे। ये परियोजना पूरी होने के बाद जयपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी। वहीं ग्रामीणों को उम्मीद है कि सरकार उनकी मांग पर विचार करते हुए भविष्य में मेट्रो लाइन का विस्तार चौमूं तक करेगी और ग्रामीणों को जयपुर तक आसान, सुरक्षित और सस्ता आवागमन मिल सकेगा।
Updated on:
26 Jun 2026 01:14 pm
Published on:
26 Jun 2026 11:54 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
