
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क/बावड़ी. घर में शनिवार को बारात आने वाली थी, बैंडबाजे की तैयारी थी। घर में चहुंओर खुशियों का माहौल था, लेकिन कुदरत को कुछ और मंजूर था और बहन की शादी से पहले शुक्रवार को एक भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। भाई की भी सात दिन पहले 22 अप्रेल को शादी हुई थी। घटना के बाद जिस घर में शादी की खुशियां थी वहां कोहराम मच गया। गांव में गमगीन माहौल हो गया।
जानकारी के अनुसार तुलसीपुरा निवासी विक्रम जाट (21) पुत्र भोलाराम जाट निवासी तुलसीपुरा की शादी 22 अप्रैल को हुई थी। वहीं बड़ी बहन की शादी 29 अप्रैल को है जिसे लेकर वह शुक्रवार को किसी कार्य से तुलसीपुरा से अपने कुएं पर बने मकान पर जा रहा था। इसी दौरान हादसे में वह गंभीर घायल हो गया। इस पर उसे पावटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर जयपुर रैफर कर किया गया। जहां निम्स हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जहां प्रागपुरा थाना पुलिस ने पावटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द किया। युवक की मौत की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। कोई भी कुछ बोलने की स्थिति में नहीं था। मृतक का शव गांव पहुंचते ही घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और शादी का माहौल गम में बदल गया। शादी वाले घर में मातम के साथ रोने और चीखने की आवाजें सुनाई दी।
घर में बेटी की शादी 29 अप्रैल को होनी है और मृतक विक्रम जाट की शादी 22 अप्रैल को हुई थी। परिवार में माता-पिता के अलावा चार भाई-बहन हैं। जिनमें सबसे छोटा विक्रम था।
Updated on:
29 Apr 2023 09:58 am
Published on:
29 Apr 2023 09:30 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
