जयपुर.भांकरोटा स्थित जय गेस्ट हाउस में साथी की नृशंस हत्या कर फरार हुए आरोपी को कोटा के कार बाजार में लूटी गई कार को बेचने की फिराक में घूमते हुए पकड़ा गया। डीसीपी वेस्ट अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने लूट की साजिश के तहत ही दिल्ली से जयपुर किराए की स्कार्पियो कर लाया था और यहां ११ अगस्त को गेस्ट हाउस में मौका पाकर चालक की हत्या कर आरोपी कार ले भाग गया था। आरोपी गेस्ट हाउस के स्वागत कक्ष पर किसी के नहीं होने पर जमा कराई गई अपनी फर्जी बनाई गई आइडी भी ले गया था।
गिरफ्तार गुरुदत्त सिंह मोना सिख (४८) उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद स्थित शालीमार गार्डन निवासी है। आरोपी से लूट की कार और हत्या में काम ली गई कटार भी जब्त कर ली है। एडिशनल डीसीपी रतन सिंह के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ के बाद कार की स्टेपनी में छिपाकर रख रखी एक पिस्टल, १३ करतूस और एक तलवार बरामद की है।