22 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Assembly Election 2023 : राजस्थान भाजपा के 6 प्रमुख नेताओं से खफा संघ, एक से सबसे ज्यादा नाराज

Rajasthan Assembly Election 2023 : राजस्थान भाजपा नेताओं और प्रदेश के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच करीब तीन साल से चल रही समन्वय की कमी को देखते हुए भाजपा आलाकमान ने बड़ा निर्णय किया है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kirti Verma

Oct 08, 2023

photo_6129659926671374751_y.jpg

जयपुर। अरविन्द सिंह शक्तावत
Rajasthan Assembly Election 2023 : राजस्थान भाजपा नेताओं और प्रदेश के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच करीब तीन साल से चल रही समन्वय की कमी को देखते हुए भाजपा आलाकमान ने बड़ा निर्णय किया है। प्रदेश के संघ परिवार से अब प्रदेश भाजपा के नेता किसी भी विषय पर बातचीत नहीं करेंगे । तीन केन्द्रीय नेताओं को संघ परिवार से बातचीत करने की जिम्मेदारी दी गई है। अब यही तीन केन्द्रीय नेता राजस्थान के दो प्रमुख संघ पदाधिकारियों से बातचीत कर समन्वय स्थापित करेंगे।

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार लम्बे समय से संघ की यह शिकायत थी कि प्रदेश भाजपा के कुछ नेता अपनी मनमर्जी के अनुसार काम कर रहे थे और किसी भी सलाह को नहीं मान रहे थे। अब चुनाव सिर पर हैं तो पार्टी ने तय किया है कि संघ से समन्वय का सारा काम पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष, राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, केन्द्रीय संसदीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी देखेंगे। संघ के दो क्षेत्रीय पदाधिकारी अब इन्हीं तीन नेताओं से बातचीत करेंगे और सुझाव देंगे।

यह भी पढ़ें : दो माह बाद फिर बदला छह जिलों का स्वरूप, खाजूवाला-छत्तरगढ़ फिर बीकानेर में

हल निकालने के हुए प्रयास, लेकिन.....
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार करीब दो साल से संघ और प्रदेश के नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के प्रयास भाजपा आलाकमान ने शुरू किए। इसके लिए भाजपा कोर कमेटी और संघ के कुछ पदाधिकारियों की तीन बैठकें हुईं। इनमें से एक बैठक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और एक बैठक केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर हुई। इसके बावजूद भी तालमेल का रास्ता नहीं निकला। हाल ही बीएल संतोष कुछ घंटे के दौरे पर जयपुर आए थे। इस दौरान उन्होंने जयपुर में वैशाली नगर में एक बैठक की। इसके बाद यह तय हुआ है कि अब संघ से जुडे किसी भी विषय में राजस्थान भाजपा का नेता शामिल नहीं होगा। संघ का जो भी सुझाव होगा, वह आलाकमान को ही बताया जाएगा और उस पर निर्णय कर राजस्थान भाजपा के नेताओं को अवगत करवा दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें : मजबूत उम्मीदवार की तलाश में भाजपा, क्रॉस चैक के दायरे में ये सीट

एक नेता से बेहद नाराज संघ पदाधिकारी
सूत्रों के अनुसार आरएसएस यों तो राजस्थान भाजपा के छह नेताओं से खफा है, लेकिन संगठन से जुड़े एक नेता से तो वे बेहद खफा है। नाराजगी का स्तर यहां तक पहुंच गया है कि संघ के पदाधिकारी राजस्थान भाजपा के किसी भी नेता से बात नहीं करना चाहते। प्रदेश के एक केन्द्रीय मंत्री ने संघ और प्रदेश भाजपा के बीच तालमेल बैठाने के लिए कोशिश भी की, लेकिन यही तय किया गया है कि अब सब कुछ तीन नेता ही देखेंगे।