जयपुर। सोशल मीडिया पर भारत जोड़ो यात्रा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कई महिलाएं अपनी आपबीती सुना रही हैं। इन महिलाओं ने बताया कि उन्हें 20 बसों में बारां के विभिन्न गांवों से बूंदी स्थित इंद्रगढ़ माताजी के दर्शन कराने के नाम पर कांग्रेस कार्यकर्ता लेकर आए थे। यहां उन्हें भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कर दिया गया।
महिलाओं का आरोप है कि उन्हें कहा गया कि इसके बाद माता के दर्शन का चलेंगे। लेकिन यात्रा समाप्ति के बाद देर रात तक उन्हें वापस ले जाने का कोई इंतजाम नहीं किया गया। उन्हें सवाई माधोपुर जिले के जीनापुर में अपने हाल पर छोड़ दिया गया। यात्रा में उन्हें खाना तो दूर पानी तक नहीं दिया गया। महिलाओं का आरोप है कि जो कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारी उन्हें भारत जोड़ो यात्रा में लाए थे। वह सभी उनके यात्रा में शामिल करने के बाद से ही गायब है।
गौरतलब है कि सोमवार को भारत जोड़ो यात्रा का राजस्थान में आठवां दिन था। कांग्रेस इसे ‘महिला दिवस’ के रूप में मना रही थी। प्रदेशभर से महिलाओं को इस यात्रा में बुलाया गया। इसके लिए विशेष तौर पर बसों की व्यवस्था की गई थी। वायरल वीडियो को बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने सोशल मीडिया पेज से शेयर किया है।