
Nitin Nabin Rajasthan Visit
Nitin Nabin BJP President: पिछले दिनों जयपुर आए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन को लेकर बड़ी खबर आ रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर हुए आयोजनों और रैलियों के दौरान चोरी की एक वारदात हुई है। रैली में घुसे चोर ने एक व्यक्ति की पॉकेट पर हाथ साफ किया है। उसमें भारतीय करेंसी के अलावा डॉलर, पाउंड, दिरहम करेंसी भी थी और साथ ही अन्य दस्तावेज भी थे। काफी तलाश के बाद जब पैसा नहीं मिला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। शिप्रापथ पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज किया है। मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, झुंझुनूं जिले के रहने वाले महेंद्र कुमार प्रजापत 27 अप्रैल 2026 को मदहमा ग्रुप मॉल (होटल होलीडे इन के पास) आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका पर्स चोरी कर लिया। पीड़ित ने बताया कि पर्स में कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे, जिनमें पीएनबी का एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, दिल्ली मेट्रो कार्ड और दुबई का एमिरेट्स आईडी शामिल है। इसके अलावा पर्स में विदेशी मुद्रा भी रखी हुई थी, जिसमें करीब 500 अमेरिकी डॉलर, 200 पाउंड, 100 दिरहम और लगभग 13 हजार रुपये नकद थे।
घटना के समय कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ थी और सुरक्षा के बावजूद चोर ने आसानी से वारदात को अंजाम दे दिया। इस घटना के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों में हलचल मच गई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शिप्रापथ थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राजस्थान आए थे। जयपुर में एक ही दिन में उनके कई आयोजन थे। जयपुर में कई जगहों पर रैलियां रखी गई थीं। इस दौरान ही इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया। पहले भी नेताओं की बड़ी रैलियों और आयोजन में चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं।
Published on:
29 Apr 2026 11:30 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
