
राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल, जयपुर में परिवाद
जयपुर। दिल्ली के नांगल गांव में रेप की शिकार हुई 9 साल की बच्ची के परिवार की फोटो सोशल मीडिया पर लगाने के मामले में भाजपा ने गुरुवार को जयपुर में हल्ला बोला। भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल ने अशोक नगर थाना में राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दिया।
इससे पहले गोठवाल समर्थकों के साथ अंबेडकर सर्किल से पैदल रवाना हुए। हाथों में तख्तियां लिए कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अशोक नगर थाना पहुंचे। यहां थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने परिवाद लेने से इंकार कर दिया, जिस पर गोठवाल और भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। काफी जद्दोजहद के बाद थानाधिकारी ने राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद लिया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नाहर सिंह माहेश्वरी, जयपुर शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष अनुराधा माहेश्वरी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र पिलानिया, एससी मोर्चा प्रदेश के प्रभारी मुकेश किराड़, कविराज सेठी, जयपुर देहात दक्षिण जिला उपाध्यक्ष बृजेश लाटा समेत कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।भाजपा का दावा है कि राहुल गांधी ने बलात्कार पीड़िता की परिवार के साथ मुलाकात की और इसके बाद मुलाकात की फोटो अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर की।
राहुल गांधी ने उड़ाया लोकतंत्र का मखौल
राजस्थान भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र गोठवाल ने कहा कि कांग्रेस बात-बात पर लोकतंत्र और संविधान की दुहाई देती है। उसके आला नेता राहुल गांधी ने कानून का मखौल बनाया है। उनमें परिपक्वता की कमी है। दिखावे की राजनीति करने वाली कांग्रेस ने लोकप्रियता प्राप्त करने के प्रयास में यह भी नहीं देखा कि वह पीड़िता और उसके परिवार के साथ अन्याय कर रही है और उनके कानूनी अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
Published on:
05 Aug 2021 08:45 pm
