
Jaipuria Hospital (Patrika Photo)
Jaipuria Hospital: जयपुरिया अस्पताल ने रक्तदाताओं के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब यहां ब्लड बैंक में रक्तदान करने वालों को रिफ्रेशमेंट के लिए 45 रुपए मूल्य का कूपन दिया जाएगा।
बता दें कि लंबे समय से रक्तदान करने वालों को चाय-नाश्ते के नाम पर केवल कैंटीन का पता बता दिया जाता था। इस मुद्दे को राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और डोनर्स को सीधे कूपन देकर सुविधा देने की पहल की गई।
अस्पताल के अतिरिक्त अधीक्षक डॉ. राजाराम बासीरा ने बताया कि ब्लड बैंक में आने वाले प्रत्येक रक्तदाता को अब पीने के पानी के साथ रिफ्रेशमेंट कूपन भी दिया जा रहा है। इस कूपन को कैंटीन में दिखाकर डोनर अपनी पसंद का नाश्ता ले सकता है। इसके लिए दो श्रेणियां बनाई गई हैं। श्रेणी-ए में चाय, पेटीज, बिस्कुट और नमकीन शामिल हैं, जबकि श्रेणी-बी में हॉट कॉफी और पेटीज का विकल्प रहेगा।
इसके अलावा अस्पताल प्रशासन ने रक्तदाताओं की सुविधा के लिए एक हेल्प डेस्क भी शुरू की है। इस हेल्प डेस्क पर रक्तदान से जुड़ी जानकारी, प्रक्रिया और अन्य जरूरी मार्गदर्शन उपलब्ध रहेगा। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस पहल से डोनर्स को सम्मान देने के साथ ही उन्हें बेहतर अनुभव मिलेगा और अधिक से अधिक लोग रक्तदान के लिए प्रेरित होंगे।
Published on:
09 Sept 2025 07:56 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
