27 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कार में भीषण विस्फोट, एक घायल

जयपुर

image

Newsdesk

Jul 27, 2026

Rajasthan

बागलकोट. जिले के जमखंडी तालुक के हिप्परगी गांव में शनिवार देर रात बार के बाहर खड़ी एक कार में हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कार करीब 10 फीट हवा में उछलकर दूर जा गिरी, जबकि उसके टुकड़े लगभग 200 मीटर तक बिखर गए। मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना रात करीब 10.30 बजे की है। तेज धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए। विस्फोट के प्रभाव से आसपास की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जबकि मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे का मॉनिटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। कुछ समय तक पूरे क्षेत्र में भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार मालिक हनुमंत सावगोंड ने कहा कि वह रबकवी के निवासी हैं और हिप्परगी में वाइन शॉप संचालित करते हैं। उनके अनुसार, दुकान का कारोबार समाप्त कर वे नकदी का हिसाब कर रहे थे और कुछ ही क्षण बाद कार की ओर जाने वाले थे। तभी अचानक वाहन में विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा कि यदि वे उस समय कार के पास होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ गोयल ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कार के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई नहीं दी है, हालांकि रात करीब 9.45 बजे तीन लोगों के शराब खरीदकर जाने की जानकारी मिली है, जिनके संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने जांच कर साक्ष्य एकत्र किए हैं। प्रारंभिक संकेत कार के इंजन हिस्से में विस्फोट होने की ओर इशारा करते हैं।