
# Changemaker : स्वच्छ राजनीति में महिलाओं की भागीदारी अहम
जयपुर। राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना राजनीति अधूरी रहेगी। राजस्थान पत्रिका महाअभियान - स्वच्छ करें राजनीति चेंजमेकर्स बदलाव के नायक के तहत गुरुवार को 'राजनीति में महिला भागीदारी बढ़ाने, स्वच्छ करें राजनीति' विषय पर परिचर्चा और संकल्प बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं ने स्वच्छ राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने में सहयोग करने और भ्रष्ट एवं अनैतिक राजनीतिज्ञों का साथ नहीं देने का भी संकल्प लिया।
बैठक समन्वयक सुमन मिश्र ने कहा कि राजनीति में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वच्छता व पारदर्शिता लाई जा सकती है। महिलाएं सभी क्षेत्र में आज आगे बढ़ रही है लेकिन राजनीति में अभी भी महिलाएं पीछे है। उनमें जागरूकता लाकर ही महिलाओं की सक्रिय भागीदारी राजनीति में लाई जा सकती है। राजनीति को स्वच्छ कर हम महात्मा गांधी की विचाराधारा के भारत का निर्माण कर सकते हैं।
क्लब की प्रेमलता बजाज ने कहा कि राजनीति में शामिल भ्रष्ट जनप्रतिनिधि राजनीति में किसी स्वच्छ व्यक्तित्व छवि के इंसान को आगे नहीं आने देते हैं। इसलिए राजनीति में स्वच्छता की एक आवश्यकता है। महिलाओं को इसमें शामिल होकर या अन्य तरीके से भागीदारी निभाकर स्वच्छ विचारधारा से स्वच्छता लाने का प्रयास करना चाहिए। क्लब सदस्य गरिमा नरेरा ने कहा कि राजनीति व स्वच्छता दोनो ही एक दूसरे के विरोधाभासी है। जहां राजनीति में साम, दाम, दंड, भेद की नीति चलाई जाती है। वहीं स्वच्छता जहां इन तत्वों का उपयोग नहीं करके देश के विकास के बारे में सोचा जाए।
क्लब सदस्य अम्बिका मोदी ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता व राजनीति में महिलाओं आगे बढऩे के लिए प्रोत्साहित कर स्वच्छत राजनीति की नींव रखी जा सकती है। क्लब सदस्य संतोष शर्मा ने कहा कि महिलाओं की राजनीति में सक्रिय भूमिका बढ़ाने के लिए जागरूकता फैलानी आवश्यक है। इसके लिए क्षेत्रवार अभियान भी चलाए जाने चाहिए। बैठक में संतोष शर्मा, सीमा गंगावत, हेमा तिवाड़ी, सीमा मोहता, मोना सिंह सहित अन्य महिलाएं उपस्थित थी।
Published on:
31 May 2018 06:54 pm
