मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आपका जिला आपकी सरकार कार्यक्रम के तहत जिले के तीन दिवसीय दौरे के दूसरे दिन गुरुवार सुबह 10.30 बजे जिला मुख्यालय पहुंची।
हवाई पट्टी पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कई कैबिनेट मंत्री, सांसद व विधायक भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने टाउन हॉल में जिले के विभिन्न विभागों की ओर से विकास यात्रा में भागीदारी को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री यहां करीब एक घंटे ठहरीं।
राजे ने यहां टांकला के दरी उद्योग, खादी ग्रामोद्योग संघ के उत्पाद, महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य कई विभागों के चित्रों व उत्पादों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह अधिकारियों की बैठक लेंगी और दोपहर बाद जयपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
नागौरी नस्ल के बैलों को दुलारा
मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी स्थल पर नागौरी नस्ल के बैलों को दुलारा और हरा चारा भी खिलाया। जिला कलक्टर राजन विशाल ने मुख्यमंत्री को तीन वर्ष तक के बछड़ों के जिले से बाहर परिवहन पर लगी रोक के बारे में जानकारी देते हुए इससे नागौरी नस्ल के बैलों पर आए संकट के बारे में बताया।
कलक्टर इससे पहले भी जयपुर में मुख्यमंत्री के साथ हुई कलक्टर्स कांफ्रेंस में यह मुद्दा उठा चुके हैं। मुख्यमंत्री बाद में नागौर के चूड़ी उद्योग का अवलोकन करने बीकानेर रोड स्थित मंगलम चूड़ी फैक्ट्री पहुंची।
मुख्यमंत्री को देखने का क्रेज
मुख्यमंत्री राजे के प्रति शहर की जनता में काफी क्रेज देखा गया। शहर वासी उनकी एक झलक पाने के लिए हाई-वे पर कतार लगाए खड़े रहे। सीएम ने भी हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया।
डीडवाना से सुबह हुई रवाना
जिले के डीडवाना कस्बे में रात्रि विश्राम के बाद गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद सुबह हेलीकॉप्टर से नागौर के लिए रवाना हुई।