जयपुर। देशभर में आजादी की 75 वीं वर्षगाठ मनाई जा रही है। प्रदेश के सभी स्कूलों में कल शुक्रवार सुबह 10 बजे एक साथ देशभक्ति गीतों का सामूहिक गान होगा। करीब एक लाख स्कूलों के एक करोड़ से अधिक बच्चे देशभक्ति गीतों का गायन करेंगे। जयपुर जिले में कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां कर ली गई है। जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कहा कि शुक्रवार सुबह 10 बजे सभी स्कूलों में एक साथ देशभक्ति गीतों का सामूहिक गान होगा। इस दौरान विद्यार्थी एक समान, एक लय और एक ताल में 6 देशभक्ति गीतों का गायन करेंगे। गायन की शुरूआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से होगी और समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।
यह भी पढ़े: राजस्थान में ग्रामीण ओलंपिक 29 अगस्त से, कैसे खेलेंगे 30 लाख खिलाड़ी, जानिए..
बता दें प्रदेश में करीब 66 हजार राजकीय विद्यालय व करीब 50 हजार गैर राजकीय विद्यालयों कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी भाग लेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम एसएमएस स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत होंगे। कार्यक्रम में करीब 26 हजार स्कूली बच्चे शामिल होंगे।