
कार्तिक सुब्बाराज की ''डोरोथी'' को टोरंटो में वैश्विक प्रीमियर
चेन्नई. निर्देशक-लेखक कार्तिक सुब्बाराज की अगली फिल्म "डोरोथी" का वर्ल्ड प्रीमियर टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के सेंटरपीस सेक्शन में होगा। फिल्म भारत में 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कार्तिक सुब्बाराज ने एक बयान में कहा, डोरोथी वह फिल्म है, जो मेरे साथ लंबे समय से रही है। यह उस दुनिया से आती है, जिसे मैं गहराई से जानता हूं, जहां दोस्ती शरण बनती है, प्रेम चुपचाप जीवित रहता है और कठोर माहौल में भी कोमलता रहती है। उन्होंने कहा, इस कहानी के जरिये मैं पहचान, जाति, मर्दानगी और करुणा को दिखाना चाहता था, वह भी तमाशे के बिना बल्कि बेहद मानवीय किरदारों के माध्यम से। यह तमिल भाषा की फीचर फिल्म है, जिसमें प्रसिद्ध संगीतकार इलैयाराजा का 1,540वां गीत है। फिल्म में सानंद, ऋषिकांत और कीर्ति सुरेश ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। इसे जियो स्टूडियोज और सिख्या एंटरटेनमेंट ने मिलकर बनाया है। निर्माता गुनित मोंगा कपूर और अचिन जैन ने कहा, डोरोथी हमें याद दिलाती है कि सहानुभूति सबसे शक्तिशाली शक्ति है। कार्तिक सुब्बाराज की कहानी कहने की कला इसी में खास है कि वह अप्रत्याशित जगहों में भी मानवता और कोमलता खोज लेते हैं। जियो स्टूडियोज की अध्यक्ष ज्योति देशपांडे ने कहा, डोरोथी प्रामाणिकता में रची-बसी है और इसकी भावनाएं सार्वभौमिक हैं।
''मूडर कूटम 2'' का फर्स्ट लुक जारी
चेन्नई. निर्देशक और अभिनेता नवीन हिदायत की बहुप्रतीक्षित तमिल फिल्म ''मूडर कूटम 2'' का फर्स्ट लुक बुधवार को जारी किया गया। सूत्रों के अनुसार, यह फिल्म सुपरहिट ''मूडर कूटम'' की अगली कड़ी है और इसकी कहानी वहीं से शुरू होगी, जहां पहली फिल्म समाप्त हुई थी। यह एक पूरी तरह से सीक्वल है। फिल्म की कहानी दर्शकों को यूरोप के विभिन्न देशों में ले जाएगी। फिल्म की शूटिंग इटली, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया, क्रोएशिया, स्लोवेनिया और कजाकिस्तान के शानदार लोकेशनों पर की गई है। सूत्रों के मुताबिक, टीम ने 60 से 70 दिन इन लोकेशनों पर दृश्य शूट किए। ''मूडर कूटम 2'' डार्क ह्यूमर और हाई-स्टेक एक्शन का मेल होगा, जिसमें फैंटेसी का भी तड़का रहेगा। फिल्म का निर्माण ग्रैंडेल पिक्चर्स के कमल बोहरा और समकित बोहरा ने किया है। फिल्म में नवीन हिदायत के अलावा ओविया, सेनरायन, राजाजी, कुबेरन और जयाप्रकाश जैसे कलाकार नजर आएंगे। सिनेमेटोग्राफी सूरज नल्लासामी, संगीत अमरीश और नटराजन संकरण, संपादन अथियप्पन शिवा और स्टंट्स महेश मैथ्यू व नोमैड स्टंट्स ने संभाले हैं। फिल्म में उच्च स्तरीय एनिमेशन और वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है, जिसे एक अनुभवी अमेरिकी टीम ने तैयार किया है।
अजीत की रेसिंग कहानी ''ग्लैडिएटर्स'' में जीवंत
चेन्नई. अभिनेता अजीत कुमार की रेसिंग यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ''ग्लैडिएटर्स- इन पर्सूट ऑफ चैलेंजस'' का पहला पोस्टर जारी किया गया है। इस डॉक्यूमेंट्री का निर्माण शालिनी अजीतकुमार द्वारा गोल्डन ट्रॉफी फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया गया है। फिल्म का निर्देशन विजय ने किया है, जो ''दैवा तिरुमगल'' और ''मद्रासपट्टिनम'' के लिए जाने जाते हैं। पहले पोस्टर में अजीत को रेसिंग गियर और उनकी रेस कार के साथ दिखाया गया है, जिससे फिल्म के प्रोफेशनल रेसिंग पर केंद्रित होने का संदेश मिलता है। डॉक्यूमेंट्री में अजीत की मोटरस्पोर्ट के प्रति लगन, ट्रेनिंग, रेस ट्रैक पर चुनौतियां और उनका अनुभव दिखाया जाएगा। इस डॉक्यूमेंट्री का संगीत जीवी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। अजीत अपने अभिनय करियर के साथ-साथ मोटरस्पोर्ट्स के प्रति अपने प्रेम के लिए भी पहचाने जाते हैं। ''ग्लैडिएटर्स'' में उनके समर्पण, अनुशासन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेसिंग में उत्कृष्टता प्राप्त करने की कोशिशों को नजदीक से दर्शाया जाएगा। हालांकि, डॉक्यूमेंट्री की रिलीज तारीख की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पहले लुक ने प्रशंसकों में उत्सुकता जगा दी है।
रियो राज की ''राम इन लीला'' 21 अगस्त को होगी रिलीज
चेन्नई. रियो राज अभिनीत ''राम इन लीला'' का विश्वभर के सिनेमाघरों में 21 अगस्त को प्रदर्शन किया जाएगा। फिल्म के निर्माताओं ने इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस रोमांटिक ड्रामा का निर्देशन नवोदित निर्देशक रामचंद्रन कन्नन ने किया है। फिल्म में रियो राज के साथ वर्तिका मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। ''राम इन लीला'' एक प्रेम कथा पर आधारित है, जिसमें संगीत अंकित मेनन ने तैयार किया है। हाल ही फिल्म की शूटिंग पूरी कर ली गई है और फिलहाल डबिंग व री-रिकॉर्डिंग सहित पोस्ट-प्रोडक्शन कार्य तेजी से चल रहा है। रियो राज की यह नई फिल्म उनके फिल्मी करियर में एक और महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है। उन्होंने मुख्य अभिनेता के तौर पर ''नेनजामुंडु नेरमैउंदु ओडु राजा'' से डेब्यू किया था और इसके बाद ''प्लान पन्नी पन्नानुम'', ''जो'', ''स्वीटहार्ट'' तथा ''आनपावम पोल्लथधु'' जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। फिल्म ''राम इन लीला'' के 21 अगस्त को विश्वव्यापी रिलीज के साथ रियो राज तमिल सिनेमा में अपनी सफलता का सिलसिला आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।
डलास ने प्रभु देवा को किया सम्मानित
चेन्नई. कोरियोग्राफर, अभिनेता और फिल्म निर्माता प्रभु देवा को अमेरिका के टेक्सास स्थित डलास शहर ने नृत्य और सिनेमा में उनके योगदान के लिए एक घोषणापत्र के माध्यम से सम्मानित किया है। यह सम्मान प्रभु देवा की अमेरिका यात्रा के दौरान दिया गया, जहां वे डलास क्षेत्र में प्रस्तुति देने वाले हैं। प्रभु देवा ने इस समारोह की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए डलास शहर तथा अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, मैं वास्तव में सम्मानित और विनम्र महसूस कर रहा हूं कि मुझे डलास शहर, टेक्सास से यह सम्मान मिला। उनका करियर तमिल, तेलुगु और हिंदी सिनेमा में तीन दशक से अधिक का है। प्रभु देवा ने कोरियोग्राफर, अभिनेता और फिल्म निर्माता के रूप में राष्ट्रीय पहचान हासिल की है। उनको वर्ष 2019 में कला और नृत्य के क्षेत्र में योगदान के लिए पद्मश्री से नवाजा गया था।
फिल्म ''जीडीएन'' में कोयंबत्तूर का ऐतिहासिक पुनर्निर्माण
कोयंबत्तूर. फिल्म ''जीडीएन'' का प्रीमियर 4 अगस्त को प्रेस, इन्फ्लुएंसर और चुनिंदा दर्शकों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें सबसे अधिक चर्चा इसकी भव्यता और ऐतिहासिक पुनर्निर्माण को लेकर हुई। निर्देशक कृष्णकुमार रामकुमार ने बताया कि शूटिंग के पहले दिन अभिनेता टीजे अरुणाचलम असली लोकेशन को पहचान ही नहीं पाए और सोचा कि पूरी बस्ती खाली करवाई गई है।
कृष्णकुमार ने आर्ट डायरेक्टर सिरिल की टीम की तारीफ करते हुए कहा, हर अविष्कार, हर वाहन सिरिल की टीम ने पूरी तरह से फिर से बनाया। सिनेमेटोग्राफर अरविंद ने बताया प्रकाश व्यवस्था को यथार्थवादी दिखाने के लिए पारंपरिक वीएफएक्स के साथ एआई टूल्स का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे दृश्य गुणवत्ता बरकरार रही। फिल्म की शूटिंग कोयंबत्तूर के उन्हीं स्थानों पर की गई, जहां जीडी नायडू ने अपने व्यापार चलाया था। उनके परिवार द्वारा संरक्षित असली कारें, मोटरसाइकिल और बसें भी इसमें प्रयोग की गई। एक दृश्य में हिटलर युग की जर्मनी की परेड भी विस्तार से रची गई, जिसमें अभिनेता माधवन का किरदार घटनाओं के करीब दिखता है। फिल्म का वीएफएक्स और सीजी वर्क भी कहानी में घुल-मिल जाता है, जिससे कृत्रिमता महसूस नहीं होती। ''जीडीएन'' 7 अगस्त को तमिलनाडु सहित विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज की गई।
Updated on:
10 Aug 2026 06:00 am
Published on:
10 Aug 2026 06:00 am
