
जयपुर।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी को रामनिवास बाग से जयपुर एयरपोर्ट तक पहुंचने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा। उनका काफिला रास्ता भटक कर दूसरी जगह पहुंच गया। शपथ ग्रहण के बाद एयरपोर्ट की ओर जाते वक्त गाडिय़ां गणेश मंदिर की ओर मुड़ गईं। बाद में पायलट गाड़ी में मौजूद पुलिसकर्मी ने चालक को टोका। कुमारस्वामी ने इसकी शिकायत भी की। इस बीच वीवीआइपी काफिले में चल रहे पुलिसकर्मियों को लगा कि गलत रास्ते पर जा रहे हैं। सभी गाडिय़ां रुकीं। तत्काल काफिले को फिर से जेएलएन मार्ग पर लिया और एयरपोर्ट की ओर रवाना हुए।
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शपथ ग्रहण कार्यक्रम से सबसे पहले रवाना हुईं। उनके बाद अन्य वीवीआइपी का काफिला रवाना हुआ। वसुंधरा राजे की गाड़ी बिड़ला मंदिर के पास से मोती डूंगरी मंदिर में दर्शन के लिए मुड़ी तो उनके पीछे वीवीआइपी का काफिला भी चल दिया।
वीवीआइपी जहां से लौटे, वहीं लग गया लंबा जाम
राजधानी में सोमवार सुबह कांग्रेस के शपथ ग्रहण समारोह में आए वीवीआइपी के लिए लौटते समय 20 मिनट जेएलएन मार्ग पर रास्ता बंद रखा। इससे जेएलएन मार्ग के समानांतर मार्ग और टोंक रोड सहित अन्य सडक़ों पर लंबा जाम लग गया। वीवीआइपी के निकलने के बाद पुलिस को ट्रैफिक सुचारू करने में एक घंटा लग गया। इस दौरान कई एंबुलेंस भी जाम में फंसी।
11 बजे रोका रास्ता
पुलिस ने जेडीए से त्रिमूर्ति, नारायण सिंह तिराहा से त्रिमूर्ति और धर्मसिंह सर्कल से त्रिमूर्ति होकर जाने वाले ट्रैफिक को रोक दिया। करीब 10 मिनट बाद वीवीआइपी का काफिला निकलने लगा। पुलिस ने पैदल सडक़ पार करने वालों को भी रोक दिया था। इससे त्रिमूर्ति सर्कल पर तीन तरफ आम यातायात से सडक़ें जाम हो गई।
पुलिस ने सुबह 11.20 बजे वीवीआइपी के काफिले को निकलने के बाद नारायणसिंह तिराहा से धर्मसिंह सर्कल की तरफ जाने वाला रास्ता खोला। लेकिन 20 मिनट से अन्य दोनों मार्ग पर खड़े लोगों का सब्र का बांध टूट गया। इससे तीनों तरफ से यातायात त्रिमूर्ति सर्कल पर आ गया। वाहनों की रेलमपेल में पुलिस को ट्रैफिक सुचारू करने में एक घंटा लग गया।
रामबाग से अंबेडकर सर्कल तक जाम : इधर जेएलएन मार्ग और टोंक रोड से जुड़ी कई सडक़ों पर ट्रैफिक का भारी दबाव हो गया। इसके चलते भवानी सिंह रोड पर रामबाग चौराहा से अंबेडकर सर्कल तक जाम लग गया।
Published on:
18 Dec 2018 11:56 am
