22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मोदी सरकार पर फिर सीएम गहलोत का हमला, कहा-आलोचना करने वालों को देशद्रोही बता कर जेल में डाल देते हैं

केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि आलोचना करने वालों को देशद्रोही बता कर जेल में डाल दिया जाता है।

3 min read
Google source verification
cm_ashok_gehlot.jpg

जयपुर। केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि आलोचना करने वालों को देशद्रोही बता कर जेल में डाल दिया जाता है, आज कई लेखक, साहित्यकार और पत्रकार जेल में है जिन्होंने मोदी सरकार की आलोचना की थी।

सीएम गहलोत ने बुधवार को बीकानेर जिले में नोखा के जसरासर में किसान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में आज हालात बहुत गंभीर है। आलोचना करने वालों को जेल में डाल दिया जाता है मेरी भी आलोचना होती है और मैं आलोचना करने वालों का स्वागत करता हूं, अगर आलोचना से जनता का भला होता है तो उसका स्वागत होना चाहिए। गहलोत ने कहा कि देश में न्यायपालिका भी दबाव में है, इनकम टैक्स, सीबीआई और ईडी जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है।

भाजपा के लोग दकियानूसी सोच के
गहलोत ने कहा कि देश में सोशल मीडिया का जमाना है लेकिन मोबाइल फोन, इंटरनेट और कंप्यूटर लाने का सपना पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देखा था। तब बीजेपी के लोग जो उस वक्त जनसंघ के कहलाते थे। उन्होंने इसका विरोध किया था। कहा था कि अगर कंप्यूटर आएगा तो इससे बेरोजगारी फैल जाएगी। वही लोग आज भी सत्ता में हैं लेकिन इनकी सोच नहीं बदली है यह लोग आज भी दकियानूसी सोच के हैं।

देश में आज लोकतंत्र खतरे में
गहलोत ने कहा कि आज देश में लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं। देश किस दिशा में जा रहा है किसी को नहीं पता। आज देश में जो माहौल चल रहा है बहुत ही खतरनाक है और हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि हम देश में लोकतंत्र और संविधान को मजबूत रखें। पीएम मोदी कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया है तो उन्हें समझना चाहिए कि कांग्रेस ने 70 साल में देश में लोकतंत्र को जिंदा रखा है और उसी लोकतंत्र की वजह से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाए हैं। गहलोत ने कहा कि बीजेपी और केंद्र सरकार के लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं इसका मतलब यह हुआ कि यह सिर्फ एक पार्टी की सरकार चाहते हैं जैसा कि चीन में हो रहा है यह बहुत ही खतरनाक सोच है।

राजीव गांधी और इंदिरा गांधी ने देश के लिए जान दी
सीएम गहलोत ने कहा कि देश की आजादी से पहले और देश के आजादी के बाद भी कांग्रेस का बलिदान का इतिहास रहा है। देश के आजादी के बाद इंदिरा गांधी शहीद हो गई, राजीव गांधी शहीद हो गए लेकिन देश को एक और अखंड रखा। इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए और 90000 सैनिकों को सरेंडर कर दिया ऐसा कारनामा दुनिया में कहीं नहीं हो पाया।

अडानी पर मौन धारण किए हुए हैं प्रधानमंत्री
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे ने अडानी को लेकर संसद में खूब सवाल उठाए थे लेकिन प्रधानमंत्री ने मौन धारण किया हुआ है। प्रधानमंत्री अडानी के मामले में कोई बात नहीं करते हैं जबकि अगर कोई संसद में आरोप लगा रहा है तो उस पर जवाब दिया जाना चाहिए।

मुझे नहीं पता था कि मंत्री ज़िले मांग लेंगे
उन्होंने कहा कि मैंने अपने तमाम विधायकों और मंत्रियों से कह रखा है कि तुम मांगते- मांगते थक जाओगे, मैं देता-देता नहीं थकूंगा। मुझे नहीं पता था कि मंत्री- विधायक जिले मांग लेंगे। मैंने राजस्थान में 19 जिलों की घोषणा की है। सीएम गहलोत ने कहा कि महंगाई राहत शिविर में 3 दिन के भीतर 50 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं लोगों का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।

रामेश्वर डूडी की पीठ थपथपाई
मुख्यमंत्री गहलोत जसरासर में विशाल जनसभा के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की पीठ थपथपाई और कहा कि ऐसी ऐतिहासिक भीड़ उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। दावा किया गया है कि जनसभा में एक लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे।

जसरासर में कॉलेज और उप तहसील को तहसील बनाने की घोषणा
जनसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जसरासर में कॉलेज खोलने और जसरासर उप तहसील को तहसील बनाने और मंडी स्थापित करने की घोषणा की। जनसभा को प्रदेश प्रभारी सुखजिनदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने भी संबोधित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जसरासर में ही महंगाई राहत शिविर का अवलोकन किया और लाभार्थियों संवाद किया।