
जयपुर। सरकार की ओर से मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत 5 रुपए प्रति लीटर दूध पर अतिरिक्त भुगतान किया जाता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशों पर वित्त विभाग से राशि मिलने के बाद दीपावली से ठीक पहले आरसीडीएफ ने दुग्ध उत्पादकों को 183.22 करोड़ रुपए का भुगतान करके तोहफा दिया है। इससे राज्यभर में 3.25 लाख से अधिक दुग्ध उत्पादक लाभान्वित हुए हैं। इतना ही नहीं, फैडरेशन से सम्बद्व अलग-अलग जिला दुग्ध संघों की दुग्ध समितियों द्वारा राज्यभर के दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पूर्व 20 करोड़ रुपए से अधिक का लाभांश अलग से वितरित किया गया है। यह जानकारी देते हुऐ राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन के प्रबन्ध संचालक श्रुति भारद्वाज ने दी है।
भारद्वाज ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के अन्तर्गत 600 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया था। दीपावली से पूर्व राज्य सरकार से राशि प्राप्त होने पर आरसीडीएफ द्वारा डीबीटी के माध्यम से दुग्ध उत्पादकों को 183.22 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। राज्यभर के दुग्ध उत्पादकों में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के अन्तर्गत अनुदान और लाभांश वितरण से खुशी की लहर है।
भारद्वाज ने बताया कि राजस्थान राज्य की सहकारी डेयरियों में दुग्ध संकलन में लगातार हो रही बढ़ोतरी में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के अन्तर्गत दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाले अनुदान का बहुत बड़ा योगदान है। राजस्थान राज्य के सभी दुग्ध उत्पादकों को आश्वस्त किया है कि दुग्ध उत्पादकों की सामाजिक एवं आर्थिक समृद्वि के लिए आरसीडीएफ कृत संकल्प है।
Updated on:
5 Nov 2024, 4:27 PM IST
Published on:
5 Nov 2024, 4:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.