18 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: राजस्थान दिवस से पहले CM भजनलाल ने खोला खजाना, 345 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उद्योग और निवेश आर्थिक समृद्धि के सबसे बड़े माध्यम हैं तथा उद्यमी अपने व्यवसाय को बढ़ाने के साथ ही राजस्थान की अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं।

2 min read
Google source verification
Bhajanlal Sharma

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा : फोटो पत्रिका

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि उद्योग और निवेश आर्थिक समृद्धि के सबसे बड़े माध्यम हैं तथा उद्यमी अपने व्यवसाय को बढ़ाने के साथ ही राजस्थान की अर्थव्यवस्था को गति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण और निरंतर नीतिगत सुधार किए हैं, जिससे राजस्थान औद्योगिक विकास की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने उद्यमियों से अपील करते हुए कहा कि वे राजस्थान में निवेश के अवसरों का लाभ उठाएं, नए उद्योग स्थापित करें और राज्य के विकास की इस यात्रा में भागीदार बनें, ताकि विकसित भारत-विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति में कोई कमी नहीं है और आम उपभोक्ताओं को इसकी निर्बाध आपूर्ति जारी है।

सीएम शर्मा बुधवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित उद्यमी संवाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 30 मार्च 1949 को भारतीय नववर्ष की चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को रेवती नक्षत्र इन्द्रयोग में वृहद राजस्थान की स्थापना की थी। इसी कारण चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया है। इस वर्ष 19 मार्च को यह दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

अनुकूल नीतियों से बदला प्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार के ठोस और दूरदर्शी निर्णयों से प्रदेश का औद्योगिक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। कार्यकाल के पहले ही वर्ष में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का सफल आयोजन किया गया। समिट में हुए 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपए के कार्य धरातल पर शुरू हो चुके हैं। बीकानेर, पाली, किशनगढ़, जोधपुर सहित कई क्षेत्रों में औद्योगिक पार्क विकसित किए गए हैं। वहीं अलवर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और अजमेर में नए औद्योगिक क्षेत्र स्थापित कर भू आवंटन के लिए खोल दिए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के निकट सलारपुर और बिचून में लॉजिस्टिक पार्क स्थापित किए गए हैं।

14 विभागों की 143 से अधिक सेवाएं एक मंच पर उपलब्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेशपरक नीतियों के कारण राजस्थान तेजी से एक प्रमुख औद्योगिक गंतव्य के रूप में उभर रहा है। रिप्स 2024 के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया गया है तथा भूमि उपयोग परिवर्तन की समय-सीमा 60 से घटाकर 30 दिन कर दी गई है। राजनिवेश पोर्टल को राष्ट्रीय सिंगल विंडो सिस्टम से जोड़कर 14 विभागों की 143 से अधिक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गई हैं। राज्य कौशल नीति और राजस्थान युवा नीति के माध्यम से युवाओं को सशक्त किया जा रहा है। निजी क्षेत्र में 3 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं।

345 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास

इस दौरान राजस्थान इंडस्ट्रियल पार्क प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान एयरोस्पेस एंड डिफेंस और राजस्थान सेमीकंडक्टर पॉलिसी का अनावरण किया गया। रीको औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े 119 करोड़ रुपए लागत के 40 कार्यों का लोकार्पण और 226 करोड़ रुपए के 46 कार्यों का शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में एकीकृत क्लस्टर विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार और विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना के तहत लाभार्थियों को ऋण के चेक भी वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न योजनाओं के तहत स्वीकृति पत्र, लीज डीड और अलॉटमेंट लेटर भी प्रदान किए गए।