
जयपुर। Rajasthan essembly election 2023: प्रदेश की जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए सरकार की ओर से 24 अप्रेल से शुरू किए गए महंगाई राहत शिविरों को सफल बनाने की कमान अब मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने खुद अपने हाथों में ले ली है। महंगाई राहत शिविरों के आगाज से ही सीएम गहलोत महंगाई राहत शिविरों का अवलोकन करके जनता से संवाद भी कर रहे हैं।
गहलोत की इस मुहिम को विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है, दिलचस्प बात तो यह है कि महंगाई राहत शिविरों के जरिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनता से भी संवाद कर रहे हैं और अपनी सरकार के कामकाज की उपलब्धियां गिना रहे हैं।
27 और 28 अप्रेल को 4 जिलों के दौरे पर मुख्यमंत्री
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए महंगाई राहत शिविर कितनी अहमियत रखते हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगा सकते हैं कि 27 और 28 अप्रेल को गहलोत 4 जिलों के दौरे पर हैं, जहां सीएम गहलोत महंगाई राहत शिविरों का अवलोकन करने के साथ ही जनसभाओं के जरिए जनता से भी संवाद करेंगे। गहलोत आज जहां श्रीगंगानगर के गणेशगढ़ और नई धान मंडी में महंगाई राहत कैंप और प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविरों का अवलोकन करेंगे तो साथ ही लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे और अपनी सरकार के कामकाज का फीडबैक भी लेंगे।
इसी तरह से 28 अप्रेल को मुख्यमंत्री गहलोत हनुमानगढ़ के रावतसर, चूरू के तारानगर विधानसभा क्षेत्र में बनियाला और सीकर शहर में पवार पेट्रोल पंप के पास वार्ड नंबर 38 में महंगाई राहत शिविरों का अवलोकन करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 24 अप्रेल को महंगाई राहत शिविर का जयपुर के महापुरा में आगाज किया था और उसके बाद 25 अप्रेल को जयपुर जिले के ही कालाडेरा में महंगाई राहत शिविर का अवलोकन करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित किया था और अपनी सरकार के कामकाज की उपलब्धियां गिनाई थी।
इसके बाद 26 अप्रेल को भी मुख्यमंत्री गहलोत ने बीकानेर जिले के नोखा के जसरासर गांव में महंगाई राहत शिविर का अवलोकन करने के साथ ही जनसभा को भी संबोधित किया था। इस जनसभा में तकरीबन एक लाख से ज्यादा लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया था। इसी दिन शाम को मुख्यमंत्री गहलोत ने बीकानेर शहर में भी महंगाई राहत शिविर का अवलोकन किया था।
15 मई तक 33 जिले कवर करने का लक्ष्य
सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का 33 जिलों में 15 मई तक दौरे पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार में उच्च स्तर पर भी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के 33 जिलों के दौरे का रोडमैप तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी महंगाई राहत शिविरों का अवलोकन कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे पर निकलने की एक वजह यह भी
वहीं महंगाई राहत शिविरों के जरिए मुख्यमंत्री गहलोत की जनता से संवाद करने के पीछे एक वजह यह भी है कि कांग्रेस पार्टी और सरकार की ओर से दावा किया गया है कि महंगाई राहत शिविरों में शामिल 10 प्रमुख योजनाओं को गहलोत सरकार का महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट बताया गया है।
सरकार की इन योजनाओं की देशभर में भी चर्चा है तो पार्टी के भी शीर्ष नेताओं ने चिरंजीवी योजना, 100 यूनिट बिजली फ्री, फ्री राशन किट, 500 रुपए में गैस सिलेंडर जैसी योजनाओं की जमकर तारीफ की है। इन योजनाओं के दम पर सत्ता और संगठन को भी उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में सरकार रिपीट हो सकती है। इसी उम्मीद में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अब खुद सीधे जनता से संवाद करना शुरू कर दिया है और लगातार जिलों के दौरे कर रहे हैं।
3 दिन में 50 लाख रजिस्ट्रेशन का दावा
इधर 24 अप्रेल से शुरू हुए महंगाई राहत शिविरों में उमड़ रही भीड़ से सरकार भी उत्साहित है। सरकार की दावा किया है कि शिविरों में 10 प्रमुख योजनाओं के लिए तीन दिन के भीतर ही 50 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इन योजनाओं में 500 रुपए में गैस सिलेंडर, 100 यूनिट निःशुल्क बिजली, कृषि उपभोक्ताओं को 2000 यूनिट निःशुल्क बिजली, अन्नपूर्णा फूड पैकेट, मनरेगा में 125 का रोजगार, शहरी रोजगार गारंटी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा, चिरंजीवी दुर्घटना बीमा, कामधेनु पशु बीमा योजना शामिल हैं।
वीडियो देखेंः- Rajasthan Politics: अब किसकी कुर्सी बचाएंगे CM Gehlot! | Congress News | Rajasthan Patrika
Published on:
27 Apr 2023 09:59 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
