
computer lab
जयपुर। प्रदेश के सरकारी माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए अच्छी खबर है। सभी स्कूलों में सरकार कम्प्यूटर लैब स्थापित करने की योजना बना रही है। अब इन स्कूलों में जल्द ही आईसीटी योजना के तहत कम्प्यूटर लैब बनाए जाएंगे। प्रत्येक लैब पर 3 लाख 30 हजार से अधिक रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें वे कम्प्यूटर व अन्य उपकरण खरीद सकेंगे। इसके प्रस्ताव बनाकर जल्द ही राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद के जिला परियोजना कार्यालय के माध्यम से राज्य कार्यालय को देने होंगे।
लैब के रखरखाव का जिम्मा तय किया जाएगा। जिससे कहीं कोई परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही पूर्व में भी जहां लैब स्थापित किए गए हैं उन्हें भी दुरुस्त किया जाएगा। विद्यार्थियों के लिए कम्प्यूटर शिक्षकों की व्यवस्था भी स्कूल स्तर पर ही की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित नहीं हो। इसके लिए स्कूल के शिक्षकों को ही प्रशिक्षित किया जाएगा।
अभी तक 5 हजार से अधिक स्कूल प्रदेश में ऐसे हैं, जिनमें कम्प्यूटर लैब नहीं हैं, जिसकी वजह से विद्यार्थियों को कम्प्यूटर की प्रेक्टिकल नॉलेज ही नहीं मिल पा रही है, सिर्फ उन्हें किताबी ज्ञान ही दिया जा रहा है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा, अब सभी स्कूलों में छात्र संख्या के आधार पर लैब बनाए जाएंगे।
ये रहेगी व्यवस्था
आईसीटी योजना के तहत प्रेश के 5051 स्कूलों में राज्य सरकार की ओर से कम्प्यूटर लैब स्थापित किए जाएंगे। कम्प्यूटर लैब के लिए प्रति लैब 3 लाख 30 हजार रुपए में से 25 प्रतिशत राशि 75 हजार 750 रुपए का अंशदान सांसद निधि, विधायक निधि, जनसहयोग, भामाशाह, डांग योजना, सीएसआर आदि योजनाओं द्वारा दिया जाएगा। इसके बाद 75 प्रतिशत राशि 2 लाख 27 हजार 250 रुपए राज्य सरकार देगी।
भेजने होंगे प्रस्ताव
प्रदेश के राजकीय माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में आईसीटी योजना के तहत कम्प्यूटर लैब बनवाने के लिए प्रस्ताव बनाकर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा परिषद के कार्यालय में भेजने होंगे। इसके लिए परिषद की राज्य परियोजना निदेशक आनंदी ने सभी प्रधानाचार्यो और प्रधानाध्यापकों से प्रस्ताव भिजवाने को निर्देश दिए हैं।
Published on:
22 Mar 2018 08:31 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
