
जयपुर। Rahul Gandhi in Jaipur: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज जयपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव से पहले 'रिचार्ज' करेंगे। दोनों नेता यहां मानसरोवर में बनने जा रहे प्रदेश कांग्रेस के नए मुख्यालय 'इंदिरा गांधी भवन' की आधारशिला रखेंगे और फिर कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। खरगे और राहुल का मौजूदा दौरा चुनावी मोड में आई पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है और इसके कई मायने भी निकाले जा रहे हैं।
सुबह-सुबह पहुंचे जयपुर, हुआ गर्मजोशी से स्वागत
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सुबह-सुबह करीब साढ़े 5 बजे ही जयपुर पहुंच गए। स्क्रीनिंग कमेटी चेयरमैन गौरव गोगोई भी राहुल के साथ जयपुर पहुंचे। उनके जयपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस के सभी सीनियर नेताओं की मौजूदगी रही। सीएम अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा तीनों सह प्रभारियों और अन्य पदाधिकारियों ने सूत की माला देकर राहुल का गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां से राहुल और अन्य नेताओं का काफिला सीधे एक होटल की ओर रवाना हुआ।
'फ्रंट सीट' पर राहुल गांधी
बात चाहे चुनावी मैदान की हो या कार में सवारी की, राहुल गांधी अब भी फ्रंट सीट पर ही हैं। दरअसल, जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर कुछ ऐसा ही वाक्या हुआ। एयरपोर्ट से होटल के लिए रवाना होने के दौरान राहुल गांधी पहले एक कार की पिछली सीट पर बैठ गए। इस बीच उनके साथ सीएम गहलोत समेत अन्य नेता भी बैठने लगे। व्यवस्था बैठ नहीं रही थी तो राहुल पिछले सीट से उतरकर फ्रंट सीट पर जाकर बैठ गए। फिर पीछे की सीट पर सीएम अशोक गहलोत, प्रभारी रंधावा और पीसीसी चीफ डोटासरा बैठे।
दूर-दूर तक नज़र नहीं आए पायलट!
राहुल गांधी की जयपुर एयरपोर्ट पर अगवानी के लिए सीएम गहलोत समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। लेकिन पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट यहां नदारद रहे। पायलट का राहुल की अगवानी करने नहीं पहुंचना भी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा। हालांकि जानकारी के अनुसार पायलट आज जयपुर में राहुल के सभी कार्यक्रमों में शरीक होंगे।
कांग्रेस दफ्तर का करेंगे शिलान्यास
राहुल गांधी आज जयपुर में आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। खासतौर से मानसरोवर में कांग्रेस के नए भवन के शिलान्यास समारोह और सेंट्रल पार्क के पास गांधी वाटिका के लोकार्पण समारोह में शिरकत करेंगे। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद रहेंगे। राहुल प्रदेश कांग्रेस कोर टीम की मीटिंग भी ले सकते हैं।
जनसभा नहीं, कार्यकर्ता सम्मेलन
खरगे और राहुल के इस बार के दौरे की ख़ास बात ये है कि इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के दौरे में कोई जनसभा नहीं रखी गई है। दोनों नेता यहां सिर्फ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और चुनाव में उतरने से पहले उनमें जान फूंकेंगे।
नए बन रहे कांग्रेस भवन की ख़ास बातें
- जयपुर के मानसरोवर में 6 हजार वर्ग मीटर जमीन पर बनेगा नया भवन
- राजस्थान आवासन मण्डल से खरीदी गई है ज़मीन
- व्यस्ततम क्षेत्र संसार चंद्र रोड पर इंदिरा गांधी भवन से होगी शिफ्टिंग
- 'पुराने' से लगभग 15 किलोमीटर दूर होगा नया भवन
- पहले से ज़्यादा कमरे, अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
राहुल अंकल के कारण स्कूलों की छुट्टी!
कांग्रेस पार्टी के मानसरोवर में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले आयोजन स्थल के आस-पास की गतिविधियां खासा प्रभावित रहीं। खासतौर से स्कूलों में तो हड़कंप की स्थिति देखी गई। हर दिन की तरह यहां के कुछ स्कूल अपने निर्धारित समय पर खुले तो सही, लेकिन सभा होने के कारण प्रबंधन को ऐन वक्त पर छुट्टी घोषित कर देनी पड़ी। इससे स्कूल पहुंचे बच्चों के साथ उन्हें लाने-लेजाने वाले पेरेंट्स को भी खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार कई स्कूलों ने राहुल गांधी के कार्यक्रम का हवाला देते हुए आज सुबह अचानक छुट्टी घोषित कर दी, तो कुछ स्कूलों में आधे दिन का अवकाश किया। दलील दी गई कि स्थानीय प्रशासन की ओर से उन्हें देरी से सूचना मिली।
Published on:
23 Sept 2023 10:26 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
