
पत्रिका फाइल फोटो
Covid 19: राजस्थान में एक बार फिर कोरोना ने दस्तक दी है। पिछले 48 घंटों में राज्य में कुल 7 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जिसमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। कोरोना के नए वैरिएंट को ओमिक्रॉन का सब वैरिएंट बताया है। इससे मौत और पैनिक जैसा कोई मामला नहीं है।
राजस्थान सरकार ने स्पष्ट किया है कि अभी तक इन मामलों में कोरोना के किसी नए वेरिएंट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सभी सैंपलों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराई जा रही है ताकि किसी संभावित वेरिएंट की पहचान की जा सके।
एम्स जोधपुर में 4 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें दो बच्चे और दो व्यस्क शामिल हैं। एसएमएस मेडिकल कॉलेज, जयपुर में 2 और आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बता दें, जोधपुर के मरीजों में एक बच्चा भीलवाड़ा से आया है, जबकि अन्य स्थानीय हैं। बच्चों की उम्र 5 महीने, 11 और 12 साल है, जबकि एक मरीज 38 वर्षीय युवक है।
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि राजस्थान सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। अभी तक किसी वैरिएंट को घातक नहीं माना गया है, फिर भी सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध मरीजों की तुरंत जांच करवाई जाए। वहीं, प्रमुख चिकित्सा सचिव गायत्री राठौड़ ने भी आश्वासन दिया कि सभी मरीजों को निगरानी में रखा गया है और हर संभव चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है।
हाल ही में कुछ एशियाई देशों में कोरोना का नया सब-वैरिएंट JN.1 देखा गया है, जिसकी वजह से केसों में हल्की वृद्धि हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार यह वैरिएंट कम घातक है, लेकिन तेज़ी से फैल सकता है। भारत सरकार की ओर से अभी तक कोई विशेष एडवाइजरी जारी नहीं की गई है।
Updated on:
25 May 2025 10:57 am
Published on:
24 May 2025 09:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
