29 दिसंबर 2025,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिगड़ी कानून व्यवस्था पर भाजपा का सरकार पर अटैक, मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

जयपुर के जमवारामगढ़ से लेकर राजस्थान की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने सरकार पर जुबानी अटैक किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री को इन हालातों के लिए जिम्मेदार मानते हुए उनका इस्तीफा मांगा है।

less than 1 minute read
Google source verification

जयपुर

image

Umesh Sharma

Oct 20, 2021

बिगड़ी कानून व्यवस्था पर भाजपा का सरकार पर अटैक, मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

बिगड़ी कानून व्यवस्था पर भाजपा का सरकार पर अटैक, मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा

जयपुर।

जयपुर के जमवारामगढ़ से लेकर राजस्थान की बिगड़ी कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा ने सरकार पर जुबानी अटैक किया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मुख्यमंत्री को इन हालातों के लिए जिम्मेदार मानते हुए उनका इस्तीफा मांगा है।

पूनियां ने बीकानेर में कहा कि राजस्थान शांतिपूर्ण प्रदेश था। यहां बड़ी संख्या में पर्यटन व व्यापार के लिए लोग आते थे, लेकिन गहलोत सरकार के शासन में तीन साल से प्रदेश में एक के बाद एक कानून व्यवस्था को चुनौती मिल रही है, इससे आमजन में भय और अपराधियों में विश्वास बढ़ा है। प्रदेश में बहन-बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। जमवारामगढ़ क्षेत्र में गीता शर्मा की बदमाशों ने चांदी के कड़ों के लिए हत्या कर दी और पैर काट दिए, यह गहलोत सरकार के कामकाज की बानगी है। राज्य सरकार से मांग है कि जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार के परिजनों की मांगों को पूरा किया जाये।

प्रियंका गांधी को राजस्थान में नजर नहीं आते अपराध

उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पूर्णकालिक गृहमंत्री नहीं होने के कारण महिलाओं के खिलाफ अत्याचार लगातार बढ़ रहे हैं, इसलिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जो गृह विभाग के भी मुखिया है उन्हें तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे देना चाहिए। राठौड़ ने कहा कि राजस्थान पुलिस के मासिक प्रतिवेदन के अनुसार राज्य में सितंबर 2021 तक दर्ज महिला संबंधित अत्याचार में वर्ष 2021 में अब तक 31 हजार 244 मामले दर्ज हुए हैं जो विगत वर्ष 2020 में 26 हजार 004 दर्ज मामलों से 5204 मामले अधिक है। राठौड़ ने कहा कि ''लड़की हूँ, लड़ सकती हूँ'' का नारा देकर उत्तरप्रदेश की महिलाओं के प्रति संवेदनशील होने का ढोल पीटने वाली प्रियंका गांधी जी को राजस्थान में महिलाओं के ऊपर हो रहे अत्याचार नजर नहीं आ रहे हैं।