
दालों में आया जोरदार उछाल, 100 रुपए प्रति किलोग्राम से अधिक हुए भाव, एक सप्ताह में 25 फीसदी बढ़ी कीमतें
जगमोहन शर्मा / जयपुर. गरीब की थाली से दाल फिर गायब होने लगी है। वहीं प्याज भी एक बार फिर लाल हो गया है, आमजन के लिए अब रसोई में प्याज का तड़का लगाना महंगा साबित होगा। रेस्टोरेंट्स में प्रमुख रूप से काम आने वाली उड़द की दाल का स्थान फिर से चना दाल ने ले लिया है। दालों की कीमतों में इन दिनों लगातार मजबूती का रुख बना हुआ है। बारिश में उड़द व मूंग की फसल दागी होने से उड़द व मूंग की दाल में जोरदार तेजी दर्ज की गई है।
उड़द की दाल एक सप्ताह के दौरान करीब 25 फीसदी महंगी हो गई है। इसी प्रकार मूंग मोगर के भाव भी 20 प्रतिशत तक उछल गए हैं। खुदरा में उड़द का बढिय़ा मोगर 125 रुपए प्रति किलो के पार निकल गया है। जानकारों का कहना है कि वर्तमान में मुंबई एवं चेन्नई में उड़द व मूंग दाल की खरीदारी जोरों पर बनी हुई है।
क्या कहते हैं कारोबारी
दाल कारोबारी कांति कुमार ने बताया कि जयपुर मंडी में साबुत उड़द के भाव 80 रुपए प्रति किलो थोक में पहुंच गए हैं। उत्पादन कम होने से चौला व चौला मोगर में भी तेजी निरंतर जारी है। खुदरा कारोबारी विकास गुप्ता के अनुसार आमतौर पर 50 से 60 रुपए किलो बिकने वाला चौला मोगर वर्तमान में 30 रुपए बढ़कर 90 रुपए प्रति किलो पहुंच गया है। पैकिंग की हुई ब्रांडेड दालों के भाव और भी ज्यादा बोले जा रहे हैं।
प्याज हुआ लाल, अब तड़का पड़ेगा महंगा
राजधानी स्थित मुहाना मंडी में मंगलवार को प्याज का थोक भाव में 65 से 70 रुपए किलो हो गया है। जबकि एक दिन पूर्व थोक भाव 20 से 30 रुपए प्रति किलो थे। मुहाना मंडी अध्यक्ष राहुल तंवर ने बताया कि मंडी में खराब मौसम के चलते प्याज की आवक अचानक घट गई है। सबसे बड़ा कारण नासिक से प्याज की आवक बंद हो गई है। इसके चलते भाव 20 रुपए से 65 से 70 रुपए प्रति किलो के भाव हो गए है। इसमें अभी ओर भी इजाफा होने की उम्मीद है।
दालों के खुदरा भाव
दालें ------------ वर्तमान भाव ------ सात दिन पहले
उड़द मोगर ------- 115 से 126 ------ 90 से 105
उड़द छिलका ------ 110 से 115 ------ 85 से 90
मूंग मोगर --------- 100 से 105 ----- 80 से 85
मूंग छिलका -------- 92 से 95 ------- 80 से 85
अरहर दाल ---------- 95 से 100 ----- 80 से 85
चौला मोगर ---------- 90 से 92 ------ 60-65
चना दाल ------------- 65 से 68 ------ 60-62
मलका मसूर ---------- 65 से 67 ------- 55-60
(औसत भाव रुपए प्रति किलो में)
Published on:
05 Nov 2019 08:54 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
