
जयपुर। पीएम नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को भीलवाड़ा के मालासेरी डूंगरी में भगवान देवनारायण के 1111वें प्राकट्योत्सव दिवस पर भगवान देवनारायण के दर्शन और पूजा अर्चना की। मोदी ने इस मौके पर कोई राजनीतिक भाषण तो नहीं दिया लेकिन अपनी सरकार के किसान, मजदूर, महिला और अन्य वर्गो के लिए किए कामों को बताया। वहीं मोदी ने गुर्जर समाज के साथ रिश्तों को याद किया। मोदी ने ये भी कहा कि भारत को भी सामाजिक और वैचारिक रूप से तोड़ने की कोशिशें हुई लेकिन तमाम कोशिशें विफल साबित हुई।
मोदी ने कहा कि भारत आज अपने वैभवशाली भविष्य की नींव रख रहा है। भारत अटल है, ये शक्ति हमारे समाज की शक्ति है देश के कोटी कोटी जनों की शक्ति है। भारत की यात्रा में समाज की शक्ति महत्वपूर्ण रही है। मोदी ने इस मौके पर गुर्जर समाज को साधने की कोशिश भी की और अपने भाषण में मालासेरी की जय, साडुमाता की जय और भगवान देवनारायण की जयकार लगाई। उन्होंने मालासेरी डूंगरी की धरती को प्रणाम भी किया।
तो कोई मौका छोड़ता है क्या:
मोदी ने कहा कि इस पावन अवसर पर भगवान देवनारायण का बुलावा आया है और जब भगवान देवनारायण का बुलावा आए तो कोई मौका छोड़ता है क्या, इसलिए मैं भी आ गया। मोदी ने कहा कि ये कोई प्रधानमंत्री यहां नहीं आया है। मैं पूरे भक्तभाव से आप ही की तरह एक यात्री के रूप में आशीर्वाद लेने आया हूं। उन्होंने यज्ञ शाला में पूर्ण आहूति भी दी। मोदी ने कहा कि भगवान देवनारायण और आप सभी के दर्शन कर मैं धन्य हो गया हूं। साथ ही मैं भगवान देवनारायण से राष्ट्र और गरीबों की सेवा के लिए आर्शीवाद मांगने आया हूं। ये भगवान देवनारायण का अवतरण का अवसर है, जितना बड़ा अवसर है उतनी ही बड़ी भागीदारी गुर्जर समाज ने पूरी की है।
अपनी संस्कृति पर गर्व करते हैं भारत के लोग:
उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि भारत के लोग अपनी संस्कृति पर गर्व करते हैं। दुनिया की अनेक व्यवस्थाएं समाप्त हो गई। भगवान देवनारायण ने समाज के विभिन्न वर्गों को साथ जोड़कर आदर्श व्यवस्था को कायम किया। भगवान देवनारायण के प्रति समाज के हर वर्ग में आस्था है। भगवान देवनारायण परिवार के मुखिया है। भगवान देवनारायण ने हमेशा सेवा और जनकल्याण को महत्व दिया। उसी प्रकार हर भक्त यहां से यही भाव लेकर जाता है।
सेवा की राह दिखाई:
मोदी ने कहा कि भगवान देवनारायण ने सभी की सेवा की राह दिखाई है। आज देश पिछले आठ नौ साल से इसी राह पर चल रहा है। आज हर लाभार्थी को पूरा राशन मुफ्त मिल रहा है। आयुष्मान भारत योजना से इलाज का इंतजाम किया है। गरीब के घर और टॉयलेट की चिंता थी उसे भी दूर कर रहे हैं। आज सभी के लिए बैंक के दरवाजे खुल गए हैं। उन्होंने कहा कि पानी का क्या महत्व है ये राजस्थान से ज्यादा कौन जान सकता है। देश के तीन करोड़ के परिवारों तक ही नल से जल की सुविधा थी लेकिन बीते साढे तीन साल के भीतर 11 करोड़ से ज्यादा परिवारों तक नल से जल पहुंच रहा है। किसानों के खेत तक पानी पहुंचाने के लिए देश में व्यापक काम हो रहा है।
राजस्थान धरोहरों की धरती:
पीएम मोदी ने राजस्थान की धरती को धरोहरों की धरती बताया और कहा कि यहां सृजन, उत्साह और उत्सव है तो परिश्रम और परोपकार भी है। शौर्य घर घर के संस्कार है। लोक देवता तेजाजी से पब्बाजी तक गोगाजी से रामदेव जी तक और बप्पारावल से महाराणा प्रताप तक यहां के महापुरुषों, समाज सुधारकों और लोकदेवताओं ने हमेशा देश को रास्ता दिखाया है। इतिहास का शायद ही कोई कालखंड हो जिसमें इस मिट्टी ने राष्ट्र के लिए प्रेरणा न दी हो।
गुर्जर समाज के योगदान की सराहना:
मोदी ने कहा कि गुर्जर समाज शौर्य, पराक्रम और देश भक्ति का पर्याय रहा है। राष्ट्र रक्षा हो या संस्कृति की रक्षा, गुर्जर समाज ने हर कालखंड में प्रहरी की भूमिका निभाई है। क्रांतिवीर भूप सिंह गुर्जर जिन्हें विजय सिंह पथिक के नाम से जाना जाता है। बिजौलिया का किसान आंदोलन आजादी की लडाई में बड़ी प्रेरणा था। राम प्यारी गुर्जर, पन्नाधाय जैसी नारी शक्ति की ऐसी महान प्रेरणा हमेशा प्रेरित करती है और ये दिखाता है कि गुर्जर समाज की बहनों और बेटियों ने कितना बड़ा बलिदान देश और संस्कृति की सेवा में दिया है। ये परम्परा आज भी निरंतर समृद्ध हो रही है। देश का दुर्भाग्य है, ऐसे अनगिनत सेनानियों को इतिहास में वो स्थान नहीं मिल पाया, जिसके वो हकदार थे जो उन्हे मिलना चाहिए था। मोदी ने कहा कि आज का भारत नया भारत, बीते दशकों में हुई उन भूलों को भी सुधार रहा है। भारत की संस्कृति और स्वतंत्रता की रक्षा में जिसका भी योगदान रहा उसे सामने लाया जा रहा है।
Published on:
28 Jan 2023 02:18 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
