3 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सांसद हनुमान बेनीवाल को जेड प्लस सुरक्षा देने की मांग, ट्विटर पर हुआ ट्रेंड

समर्थकों ने 'हैशटेग जेड प्लस सुरक्षा हनुमान' ट्विटर पर हुआ ट्रेंड, समर्थकों का दावा, सांसद हनुमान बेनीवाल को लगातार मिल रही है असामाजिक तत्वों से धमकी

2 min read
Google source verification
hanuman.jpg

जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद हनुमान बेनीवाल को जेड प्लस सिक्योरिटी देने की मांग आज सोशल मीडिया पर जोरों से चल रही है। रालोपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ट्विटर पर हैशटेग जेड प्लस सुरक्षा हनुमान के साथ ट्रेंड कराया जो थोड़ी ही देर में ट्विटर के टॉप ट्रेंड में चल रहा है। टि्वटर ट्रेंड के जरिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हनुमान बेनीवाल को तुरंत जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई है।

समर्थकों का दावा, लगातार मिल रही हैं धमकियां
सोशल मीडिया पर हनुमान बेनीवाल को जेड प्लस सिक्योरिटी देने की मांग का समर्थन करते हुए समर्थक लगातार अपनी बात रख रहे हैं, जिसमें समर्थकों का दावा है कि हनुमान बेनीवाल उत्तर भारत में सबसे बड़े किसान नेता है और उन्हें आए दिन लगातार असामाजिक तत्वों की ओर से धमकियां दी जा रही हैं।

सीकर हत्याकांड में पीड़ित परिवारों के पक्ष में आवाज उठाने पर भी उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। इसलिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार को तुरंत उनकी सुरक्षा बढ़ानी चाहिए। यही नहीं, समर्थकों का यह भी दावा है कि बाड़मेर में पहले भी दो बार उन पर जानलेवा हमला हो चुका है, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर उनके समर्थक भी चिंतित हैं।

जेड प्लस सुरक्षा के समर्थन में 30 हजार से ज्यादा ट्वीट
वहीं 'जेड प्लस सुरक्षा हनुमान हैशटेग' के जरिए समर्थकों ने दो घंटे में ही 30 हजार से ट्वीट के जरिए अपनी बात रखी है जिसमें उन्होंने हनुमान बेनीवाल को सुरक्षा देने की मांग सरकार से की है। ट्वीट करके बेनीवाल के समर्थक लिख रहे हैं कि राजस्थान में सबसे ज्यादा अपराध के खिलाफ अगर कोई नेता बोलता है तो वो हनुमान बेनीवाल है, ऐसे में हर वक्त सुरक्षा अति आवश्यक है, चूंकि उनके छोटे भाई को धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं इसलिए उनको जेड प्लस सुरक्षा जरूरी है।

उनके एक अन्य समर्थक ने लिखा कि हनुमान बेनीवाल जवान, किसान, शोषित, पीड़ित के लिए सरकार में बैठे भ्रष्टाचारियों से हर समय लड़ाई लड़ते रहते हैं। राजस्थान में बढ़ते अपराधों की तरह राजस्थान का युवा हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित है। अतः केंद्र और राज्य सरकार को हनुमान बेनीवाल को जेड प्लस सुरक्षा देनी चाहिए।

वीडियो देखेंः- Gangster Raju Theth Murder को लेकर ये क्या बोल गए RLP सांसद हनुमान