
कार्रवाई का भय दिखा कर होटल संचालक से मांगे दो लाख
ओमप्रकाश शर्मा
एक होटल संचालक को कार्रवाई की धमकी देकर जवाहर सर्कल थाने का कांस्टेबल दो लाख रुपए मांग रहा था। होटल संचालक रुपए देने के बजाय कार्रवाई के लिए एसीबी पहुंच गया। एसीबी ने जाल बिछाया, लेकिन उससे पहले आरोपित कांस्टेबल सतर्क हो गया। अब एसीबी ने कांस्टेबल के खिलाफ रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है।एसीबी में यह शिकायत होटल संचालक ने दी थी। उसने बताया कि होटल में एक युवक सात-आठ माह से समय-समय पर ठहर रहा था। 11 नवम्बर में होटल में ठहरे युवक ने काउंटर पर सूचना दी कि उसके लिए एक युवती टिफिन लेकर आएगी उसे रोकना नहीं है। स्टाफ ने युवती की आइडी लेकर प्रवेश की इजाजत दी। इसी दौरान युवती के मां होटल पहुंच गई, जिसने हंगामा किया। पुलिस होटल आए आई तो दोनों पक्षों को थाने ले गई। इसके बाद थाने से बनवारी लाल कांस्टेबल आया और उसने कहा कि युवती की उम्र 18 वर्ष से कम थी। होटल के खिलाफ कार्रवाई होगी। होटल संचालक का कहना है कि आइडी में उसकी उम्र 18 वर्ष से अधिक थी। आरोप है कि फिर भी कांस्टेबल ने कार्रवाई से बचने के लिए दो लाख रुपए मांगे। इसकी शिकायत होटल वालों ने 15 नवम्बर को एसीबी से कर दी। एसीबी ने तस्दीक कार्रवाई शुरू की। बनवारी लाल ने परिवादी को चाय की थड़ी पर बुलाया। वहां उसके साथ एक वार सवार व्यक्ति भी था। एसीबी का कहना है कि तस्दीक में तीस हजार रुपए मांगने की पुष्टि हुई है। इस आधार पर बनवारी के खिलाफ 30 दिसम्बर को मामला दर्ज किया गया है। बनवारी थाने में स्पेशल टीम में शामिल है।
Published on:
06 Jan 2023 12:46 am
