
जयपुर।
लोकसभा चुनावों (Lok Sabha Election 2019) के लिए कोंग्रस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट (Deputy CM Sachin Pilot) ने कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी (Congress Manifesto Declared) करने के बाद बयान दिया है। पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में उन मुद्दों को शामिल किया है जिन पर देश चिंतित है और आवाम उन्हें जानना चाहती है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की न्याय योजना को लेकर भी कहा कि 72 हजार रुपए देश के 20 प्रतिशत गरीब लोगों को देना कांग्रेस की क्रांतिकारी योजना है। हम पार्टी की इस योजना को पूरा करेंगे।
वहीं उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस 15 लाख रुपए खाते में जमा कराने जैसा जुमला नहीं करेगी और अपना वादा पूरा करेगी। कांग्रेस का मेनिफेस्टो कई विशेषज्ञों और आम जनता से मिले सुझावों के आधार पर घोषणाएं हैं। पायलट ने कहा कि कांग्रेस ने राजस्थान में सरकार बनने के बाद सभी वादे पूरे किए हैं जबकि पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने अंतिम वर्ष में घोषणाएं की जो कारगर नहीं हुई।
इस दौरान उन्होंने कहा की भाजपा के झूठे वादों के सामने कांग्रेस का यह घोषणा पत्र व्यावहारिकता पर आधारित है। पायलट ने अनुच्छेद 370 को लेकर कहा कि अनुच्छेद 370 पर कांग्रेस का मत साफ है कि संविधान के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सकती है। पायलट ने कहा कि शिक्षा और किसानों के लिए सेपरेट बजट बिल्कुल व्यावहारिक है और कांग्रेस सत्ता में आने के बाद यह लागू करके दिखाएंगे।
वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी लोकसभा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र को लेकर कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र बेरोजगारों, किसानों और गरीबों की जरूरत के अनुसार है। वहीं उन्होंने भी राहुल गांधी की न्याय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की इस योजना से गरीबों को सालाना 72 हजार रुपए का फायदा होगा और उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ये योजना देश में बहुत ही ऐतिहासिक योजना साबित होगी।
Updated on:
02 Apr 2019 06:32 pm
Published on:
02 Apr 2019 06:32 pm
