
शिवदासपुरा. ग्राम पंचायत आजमनगर के आलेवास और उदयपुरिया गांवों में सीसी सड़क निर्माण के चलते दो दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर से गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को निर्माण कार्य के दौरान बिना वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए बंद कर दिया गया है। इससे हजारों लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना 3 से 4 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। बारिश के मौसम में कच्चे और फिसलन भरे रास्तों से गुजरना पड़ रहा है, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। वहीं, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है तथा मिट्टी और मलबा भी मानकों के विपरीत डाला जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, वैकल्पिक मार्ग शुरू करने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार की मांग कई बार जेडीए अधिकारियों और ठेकेदार से की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर निरीक्षण के बजाय अधिकारी कार्यालयों में बैठकर ही काम की निगरानी कर रहे हैं। इससे लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों ने दी चेतावनी....
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मुख्य सड़क के साथ वैकल्पिक मार्ग शुरू नहीं किया गया और निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो वे जेडीए कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेंगे। इस संबंध में जेडीए के एईएन दिनेश कुमार से बात की गई, लेकिन ग्रामीणों की शिकायतों पर उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
फोटो....ग्राम पंचायत आजमनगर में चल रहा सड़क निर्माण कार्य।
Updated on:
31 Jul 2026 06:00 am
Published on:
31 Jul 2026 06:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
