पॉवर इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान के बैनर तले अपनी मांगों को लेकर राज्य की पांचों विद्युत निगमों के कनिष्ठ अभियंता फिर से हड़ताल पर चले गए हैं। इससे डिस्कॉम के कई काम अटक गए हैं।
अकेले जोधपुर शहर में दीपावली से पूर्व चल रहा बिजली रख-रखाव कार्य समेत कई काम बंद हो गए हैं। दीपावली से पहले जेईएन के हड़ताल पर जाने से डिस्कॉम की नींद उड़ी हुई है। एेसे हालात में दीपावली की सीजन को निकालना मुश्किल हो रहा है।
मंत्री स्तर की वार्ता हुई विफल
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जेआर विश्नोई व महासिचव दिनेश चारण ने बताया कि जयपुर में कनिष्ठ अभियंताओं की मंत्री स्तर पर वार्ता हुई, लेकिन यह विफल रही। उनकी मांगे नहीं मानी गई। इससे अभियंताओं में रोष है। कनिष्ठ अभियंताओं ने मांगे पूरी नहीं होने तक विभागीय मोबाइल बंद रखने व काम पर नहीं लौटने का निर्णय किया है। साथ ही आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
कैसी होगी उपभोक्ताओं की दीपावली
कनिष्ठ अभियंताओं ने 3 नवम्बर से जयपुर में धरना शुरू किया। उनकी मांग ग्रेड पे को लेकर है। कनिष्ठ अभियंताओं की हड़ताल को देखते हुए जोधपुर में बिजली सम्बंधी कई काम अटक गए हैं। सबसे महत्वपूर्ण कार्य दीपावली मेंटेनेंस का है, जो शहर में पूरा नहीं हो पाया है।
दीपावली से ठीक पहले यह काम पूरा नहीं होने के कारण मुसीबतें हो सकती है। दीपावली के समय बिना मेंटेनेंस की लाइनें फॉल्ट हो सकती है, इससे उपभोक्ताओं को उलझन झेलनी पड़ सकती है। इसके अलावा उपभोक्ताओं की शिकायत निवारण, प्रीपेड मीटर लगाने, खराब मीटर बदलने, बिल सम्बंधी कार्य अटके हुए है।
अभी काम चल रहा है
कई जेईएन हड़ताल पर है, फिलहल काम चल रहा है। उच्च स्तर व प्रशासनिक स्तर का मामला है, वैसे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या नहीं होगी। दीपावली मेंटेनेंस का कार्य अधिकांश कर लिया गया है।
- अविनाश सिंघवी, एसई, जोधपुर शहर, डिस्कॉम।