जयपुर. हैरिटेज नगर निगम के सिविल लाइंस जोन में गैराज शाखा के साधन डीजल के अभाव में चल नहीं रहे हैं। दीपावाली पर अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत महसूस की जा रही है, लेकिन निगम अपने संसाधनों को सडक़ पर ही नहीं उतार पा रहा है। इतना सब कुछ होने के बाद भी निगम के जिम्मेदार अधिकारी हाथ पर हाथ रखे बैठे हैं।
दरअसल, जिस पेट्रोल पम्प से निगम के इन वाहनों में डीजल डलवाया जाता है, उसका पिछले दो माह से निगम ने भुगतान नहीं किया है। एक अनुमान के मुताबिक 30 लाख रुपए निगम पर पेट्रोल पम्प का बकाया है। भुगतान न होने से डीजल देना बंद कर दिया। कुछ दिन तक तो सिविल लाइंस जोन के वाहनों में डीजल दूसरे जोन से लाकर भी डाला गया। लेकिन किशनपोल जोन, हवामहल जोन और आदर्श नगर जोन में भी स्थिति ज्यादा अच्छी नहीं है।
सफाई व्यवस्था ठप: सिविल लाइंस जोन मेें 24 वार्ड हैं। एक अक्टूबर से निगम के हूपर, डम्पर, लोडर, जेसीबी और जेटिंग मशीनों का संचालन सुचारू नहीं है। जबकि इस जोन में निगम के 40 वाहन हैं। ये वाहन सडक़ किनारे व अन्य जगहों से कचरा उठाने का काम करते हैं।
उपायुक्त की ‘सफाई’
डीजल मिलने में थोड़ी दिक्कत आ रही है, लेकिन हूपर व अन्य संसाधनों का संचालन हो रहा है। जो दिक्कत है, उसको दूर कर जल्द ही व्यवस्था को सुचारू कर दिया जाएगा।
-दीपाली भागोतिया, उपायुक्त, गैराज शाखा