5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Diwali: वर्ष 2024 में किस दिन मनाएंगे दीपोत्सव, सरकारी कैलेंडर में 31 अक्टूबर तो पंचांग में एक नवंबर की दिवाली

Diwali: राज्य सरकार ने सोमवार को वर्ष 2024 के कैलेंडर के अवकाशों की घोषणा कर दी है। इसके अनुसार आगामी वर्ष में 32 सार्वजनिक और 21 ऐच्छिक अवकाश रहेंगे।

2 min read
Google source verification
वर्ष 2024 में किस दिन मनाएंगे दीपोत्सव, सरकारी कैलेंडर में 31 अक्टूबर तो पंचांग में एक नवंबर की दिवाली

वर्ष 2024 में किस दिन मनाएंगे दीपोत्सव, सरकारी कैलेंडर में 31 अक्टूबर तो पंचांग में एक नवंबर की दिवाली

जयपुर। राज्य सरकार ने सोमवार को वर्ष 2024 के कैलेंडर के अवकाशों की घोषणा कर दी है। इसके अनुसार आगामी वर्ष में 32 सार्वजनिक और 21 ऐच्छिक अवकाश रहेंगे। वहीं, दीपावली 31 अक्टूबर को है, जबकि प्रदेश के विभिन्न ज्योतिषियों व पंचांग निर्माताओं की ओर से जारी कैलेंडर में दिवाली का पर्व एक नवंबर को है। उधर, केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेशों में भी वर्ष 2024 में 31 अक्टूबर को दिवाली पर्व की घोषणा की है।

सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार वर्ष 2024 में होली-दिवाली सहित 32 सार्वजनिक अवकाश रहेंगे। दीपावली का अवकाश 31 अक्टूबर, गोवर्धन पूजा व अन्नकूट 2 नवंबर और भैया दूज का अवकाश 3 नवंबर को घोषित किया है। वहीं, शहर के प्रमुख ज्योतिषियों के अनुसार वर्ष 2024 में दो दिन प्रदोष व्यापिनी अमावस्या रहने के चलते सरकारी कैलेंडर और पंचांग में अलग-अलग दिन दिवाली पर्व की स्थिति बनी है।

सरकार मांगती है सूची
जानकारों की मानें तो सरकारी कैलेंडर में व्रत-त्योहार निर्धारित करने से पहले राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख पंचांगकर्ता और विभिन्न धर्मों के प्रमुखों से सलाह लेती है। साथ ही उनसे आगामी वर्ष के पर्व-त्योहारों की सूची भी मांगी जाती है। पंचांग निर्माताओं की मानें तो उन्होंने राज्य सरकार को दीपावली पर्व के लिए एक नवंबर, 2024 की तारीख ही भेजी थी।

सरकारी कैलेंडर में 2024 के प्रमुख त्योहार
पर्व — तारीख — वार
होली - 24 मार्च - रविवार
धुलंडी - 25 मार्च - सोमवार
रामनवमी - 17 अप्रेल - बुधवार
रक्षाबंधन - 19 अगस्त - सोमवार
जन्माष्टमी - 26 अगस्त - सोमवार
विजयादशमी - 12 अक्टूबर - शनिवार
दीपावली - 31 अक्टूबर - गुरुवार
गोवर्धन पूजा - 2 नवम्बर - शनिवार

इसलिए बनी स्थिति
ज्योतिषाचार्य पं. आदित्य मोहन शर्मा ने बताया कि पूर्वी तथा उत्तरी राजस्थान के साथ ही यूपी, एमपी, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तेलंगाना, बिहार, हरियाणा व पंजाब सहित देश के 80 प्रतिशत हिस्से में एक नवंबर को सूर्यास्त के बाद अमावस्या 24 मिनट तक ही रहेगी। इसलिए इन क्षेत्रों में इसी दिन दिवाली मनाई जाएगी। वहीं, राजस्थान के पश्चिमी भाग, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, गोवा, दमन-दीव में एक नवंबर को सूर्यास्त के बाद 24 मिनट तक अमावस्या की तिथि नहीं है। अत: इन जगहों पर दीपावली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी। शास्त्र सम्मत 31 अक्टूबर को ही दीपावली का पर्व मनाया जाएगा।

रहेगी असमंजस की स्थिति
ज्योतिषाचार्य पं. दामोदर प्रसाद शर्मा का कहना है कि कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष में प्रदोष व्यापिनी अमावस्या के दिन दिवाली का पर्व मनाया जाता है। वर्ष 2024 में दो दिन प्रदोष व्यापिनी अमावस्या रहने के चलते दीपावली को लेकर असमंजस की स्थिति है।

धर्म शास्त्र में उल्लेख
ज्योतिषाचार्य पं. चन्द्रशेखर शर्मा का कहना है कि धर्म शास्त्र निर्णय सिंधु के अनुसार दो दिन अमावस्या प्रदोष व्यापिनी हो तो दीपावली अगले दिन मनानी चाहिए। यदि अमावस्या दोनों दिन प्रदोषकाल को स्पर्श नहीं करे तो दीपावली दूसरे दिन ही मनानी चाहिए। इस कारण में दीपावली का त्योहार एक नवंबर को मनाया जाएगा।