Donald Trump Tariff : ट्रंप के 25 प्रतिशत टैरिफ से राजस्थान के निर्यातकों में हड़कंप मच गया है। प्रदेश से होने वाले 85,000 करोड़ रुपए के कुल निर्यात में अमरीका की भागीदारी 17 हजार करोड़ से ज्यादा है। अब इस पर विपरीत असर पड़ने वाला है। सबसे ज्यादा असर जेम्स-ज्वैलरी, गारमेंट, हैंडीक्राफ्ट जैसे एक्सपोर्ट पर पड़ेगा। इसमें अमरीका को 5000 हजार करोड़ का हैंडीक्राफ्ट, 3500 करोड़ का जेम्स-ज्वैलरी और 1500 करोड़ का गारमेंट और टैक्सटाइल शामिल है। इनमें से पहले केवल टैक्सटाइल पर 5.5 फीसद टैरिफ था। लेकिन अब यदि 25 फीसद टैरिफ लगता है, तो अमरीकी बाजार में प्रदेश के निर्यातकों को भारी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।