Teacher Transfer Scam : एक शिक्षा मंत्री आप थे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने भरी मीटिंग में शिक्षकों से मुख्यमंत्री जी पूछते हैं स्थानांतरण के पैसे लिए जाते हैं क्या?
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद के दौरान विधायक जसवंत सिंह यादव ने पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को वर्तमान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर से शिक्षा लेने की नसीहत दे डाली।
शुक्रवार को प्रश्नकाल में एक कैबिनेट के फोन टैपिंग के आरोप के चलते प्रतिपक्ष ने सदन में हंगामा किया। मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगा। पूरे प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री इस्तीफा दो की नारेबाजी होती रही है।
प्रश्नकाल के बाद सदन दो बजे तक के लिए स्थगित हो गई। इसके बाद सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर वाद-विवाद शुरू हुआ। इस दौरान विधायक जसवंत सिंह यादव ने विधानसभा में विपक्ष के हंगामे पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो यह तमाशा हो रहा है यह इनके भ्रष्टाचार को छुपाने का इनका एक तरीका है। बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना। जबसे मुख्यमंत्री भजनलाल बने है। कम समय में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इससे कांग्रेस के लोग हिल गए हैं।
रोजाना गोविंद सिंह डोटासरा, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर जी को कोसते रहते हैं। डोटासरा जी आपको दिलावर जी से शिक्षा लेने की जरुरत है। शिक्षा मंत्री जिन्होंने एक लाख 54 हजार लोगों को सूर्य नमस्कार करवाकर एक वल्र्ड रेकॉर्ड प्राप्त किया है। ये होते हैं शिक्षा मंत्री।
एक शिक्षा मंत्री आप थे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने भरी मीटिंग में शिक्षकों से मुख्यमंत्री जी पूछते हैं स्थानांतरण के पैसे लिए जाते हैं क्या? शिक्षा मंत्री के सामने सभी शिक्षकों के एक स्वर में कहा, बिना पैसे तो कोई ट्रांसफर होते ही नहीं है। इससे ज्यादा शर्म की बात मेरे ख्याल से किसी शिक्षा मंत्री के लिए नहीं हो सकती। यह सबसे ज्यादा बेशर्मी की बात है। डोटासरा कुछ सीखो दिलावर जी। आपके कर्मों के फल जनता दे चुकी है। अब आप विपक्ष में बैठे हैं।