9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के इन ज़िलों में दो दिन रहेगा DRY DAY, खरीदी या बेची शराब तो खैर नहीं

- Gujarat Election 2017 Dry Day in Rajasthan: गुजरात चुनाव से राज्य की सीमा क्षेत्रों में सूखा दिवस घोषित

3 min read
Google source verification
dry day rajasthan

जयपुर

राज्य सरकार ने मंगलवार को आदेश जारी कर 14 दिसंबर को गुजरात विधानसभा चुनाव के कारण गुजरात के राजस्थान राज्य से लगते हुए क्षेत्रों में सूखा दिवस घोषित किया। आदेश के अनुसार गुजरात के बनासकांठा, साबरकांठा, अरवली, महिसागर एवं दाहोद आदि की सीमा से लगते हुए प्रदेश के क्षेत्रों में सूखा दिवस घोषित किया गया है।

यहां-यहां रहेगा सूखा दिवस
गुजरात से लगते राजस्थान की बाड़मेर, जालोर, सिरोही, बांसवाड़ा, डूंगरपुर एवं उदयपुर जिलों की सीमा के तीन किलोमीटर के परिधीय क्षेत्र में मतदान समाप्ति पर पूर्ण होने वाली 48 घंटों की अवधि 12 दिसंबर को शाम 5 बजे से 14 दिसंबर को शाम 5 बजे तक सूखा दिवस घोषित किया गया है। साथ ही पुनर्मतदान की स्थिति में पुनर्मतदान के दिन एवं मतगणना के दिन 18 दिसंबर को मतगणना समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।

... और इधर गुजरात में सक्रीय हुए राजस्थान के शराब तस्कर

गुजरात चुनाव के नज़दीक आने के साथ ही राजस्थान और हरियाणा के शराब तस्कर भी सक्रिय हो गए हैं। तस्करों ने अब बकायदा गुजरात में डेरा डाल लिया है। वजह साफ है कि चुनाव के दौरान सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को रिझाने के लिए शराब परोस रहे हैं।

इसके चलते ड्राय स्टेट के नाम से प्रसिद्ध गांधी के धाम गुजरात में इन दिनों जाम से जाम टकराने लगे हैं तो शराब तस्कर भी चुनाव के दौरान मोटा मुनाफा कमाने के लिए अवैध शराब की खेप पहुंचाने में लगे हुए हैं। इधर, पुलिस भी शराब तस्करों के ऊपर निगाह रखे हुए है, इसकी लिए जयुपर के आसपास एनएच-8 और आगरा रोड पर विशेष नाकाबंदी की गई है। पुलिस की सक्रियता के चलते शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिसका खुलासा पुलिस में दर्ज मुकदमों से साफ जाहिर होता है।

तीन गुणा बढ़े मुकदमे
हरियाणा के तस्कर ज़्यादातर जयपुर ग्रामीण और जयपुर कमिश्नरेट के बस्सी और तूंगा क्षेत्र के रास्तों से अवैध शराब की खेप गुजरात पहुंचा रहे हैं। जयपुर ग्रामीण पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ वर्ष 2014 में जहां 220 मुकदमे दर्ज किए थे, वहीं इस वर्ष अक्टूबर तक आबकारी एक्ट के तहत 614 मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इसी तरह जयपुर कमिश्नरेट के बस्सी सर्किल में इस वर्ष अक्टूबर तक 94 मामले दर्ज हो चुके हैं।

आगरा रोड सर्वाधिक बदनाम
शराब तस्कर हरियाणा बॉर्डर पार करने के बाद बहरोड़, कोटपूतली, शाहपुरा, मनोहरपुर और चंदवाजी के रास्तों से अवैध शराब की खेप गुजरात पहुंचाते हैं। ग्रामीण पुलिस की ओर से इन रास्तों पर नाकाबंदी बढऩे से शराब तस्करों ने अलवर और इसके बाद रामगढ़, तूंगा और बस्सी के भीतरी रास्तों को तस्करी का नया मार्ग बना लिया है।

लालसोट नया केंद्र
हरियाणा के तस्कर शराब से भरे ट्रक या अन्य वाहन एस्कोर्ट कर लालसोट तक पहुंचा देते हैं। स्थानीय तस्करों का दूसरा गुट उस वाहन को अपनी देखरेख में गुजरात सीमा तक पहुंचा देता है।


पुलिस में तालमेल का अभाव
सूत्रों ने बताया कि नाकाबंदी और शराब तस्करों के धरपकड़ के मामले में जयपुर रेंज पुलिस और जयपुर कमिश्नरेट ने आज तक कोई संयुक्त अभियान नहीं चलाया है।

चंदवाजी पुलिस ने शराब के दो ट्रक पकड़े
शराब तस्करों की धरपकड़ के लिए कोटपूतली, शाहपुरा, मनोहरपुर और चंदवाजी में विशेष नाकाबंदी की जा रही है। मनोहरपुर और चंदवाजी थाना पुलिस पिछले माह से शराब से भरे दो ट्रक बरामद करने में सफल रही है। ग्रामीण पुलिस की सक्रियता के चलते शराब तस्करों ने अपना रास्ता बदल लिया है। - रामेश्वर सिंह, एसपी, जयपुर ग्रामीण विशेष अभियान

जयपुर से सटे आगरा रोड पर शराब तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान चल रहा है। इसके चलते तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के मामले भी बढ़े हैं।-कुंवर राष्ट्रदीप, डीसीपी ईस्ट