
दुबई में बनेगा 93 किमी लंबा Indoor cycling super highway 'The Loop'
दुबई. दुबई में 93 किमी लंबा इनडोर साइक्लिंग सुपर हाईवे बनाने की योजना है। इस स्मार्ट प्रोजेक्ट को 'द लूप' नाम दिया गया है। अधिक टिकाऊ और स्वस्थ भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाते हुए हाल ही दुबई स्थित कंपनी यूआरबी ने इस राजमार्ग की योजना पेश की है। बनकर तैयार होने पर यह वॉकिंग, जॉगिंग और साइक्लिंग के लिए दुनिया का 'सबसे स्मार्ट' इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा। 'द लूप' के 2040 तक तैयार होने की संभावना है।
भविष्य में खाद्य सुरक्षा देगी वर्टिकल फार्मिंग
यह ग्रीन कॉरिडोर कार फ्री होगा, जिस पर कई तरह के पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इनकी सिंचाई के लिए नए राजमार्ग पर रिसाइकिल वॉटर का उपयोग किया जाएगा। शून्य उत्सर्जन वाली इस परिवहन प्रणाली में वर्टिकल फार्मिंग भी होगी, जो भविष्य में खाद्य सुरक्षा प्रदान करेगी। इस परियोजना का उद्देश्य 30 लाख से अधिक निवासियों को पैदल और साइकिल के जरिए मिनटों के भीतर प्रमुख सेवाओं व स्थानों से जोड़ना है।
इनडोर सुपर हाईवे लोगों को रखेगा 'कूल'
जलवायु नियंत्रित प्रणाली पर आधारित यह इनडोर सुपर हाईवे दुबई के उच्च तापमान में पैदल चलने और साइक्लिंग करने वालों को ठंडा रखेगा। सार्वजनिक क्षेत्रों और मौजूदा फुटपाथों आदि को लूप से जोड़ने के लिए इसमें कई प्रवेश और निकास बिंदु होंगे। राजमार्ग की सड़क कारों के रिसाइकिल टायर्स से बनाई जाएगी, जिस पर चलने से उत्पन्न हुई गतिज ऊर्जा, नवीकरणीय ऊर्जा में बदलेगी। निर्माता कंपनी का मानना है कि परियोजना सामाजिक, पर्यावरणीय और आर्थिक स्थिरता को बढ़ावा देने में मददगार होगी।
स्वास्थ्य बढ़ेगा और कार्बन उत्सर्जन घटेगा
कई छोटे-छोटे पार्क 'द लूप' की शोभा बढ़ाएंगे। इसका अपना ऐप भी होगा, जो निवासियों को साइकिल चलाने या पैदल चलने की अवधि के लिए पुरस्कार देगा। कोई भी निवासी जितना ज्यादा लूप का उपयोग करेगा, उसे उतना ही ज्यादा पुरस्कार मिलेगा। 'द लूप' में सेंसर लगाए जाएंगे, जो यहां आने वाले लोगों की संख्या और कुल उत्पन्न हुई ऊर्जा का रेकॉर्ड रखेंगे। इससे स्थानीय निवासी सेहतमंद रहेंगे। शहर के कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी।
Published on:
11 Feb 2023 12:48 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
