जयपुर. राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही सर्दी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। प्रदेश के अधिकांश जिलों का रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के शेखावाटी अंचल में भी पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते सोमवार को फतेहपुर मौसम केंद्र में न्यूनतम पारा 14.5 डिग्री दर्ज हुआ था। वहीं बीती रात बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दो दिन में पारा 7.5 डिग्री नीचे गिर गया। इससे पहले सोमवार को केंद्र में न्यूनतम पारा 14.5 डिग्री दर्ज हुआ था। पारे में गिरावट के कारण शेखावाटी अंचल में सर्दी का असर देखने को मिला। राजधानी जयपुर में बीती रात को पारा 14 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड हुआ।
अचानक गिरे तापमान से अंचल में सर्दी का असर अचानक बढ़ा हुआ नजर आया। जिससे बचने के लिए सुबह- सुबह लोगों को गरम कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शेखावाटी व उतरी राजस्थान में बादलों की वजह से तापमान में बढ़त हो रही थी। पर उसका असर कम होने के साथ ही तापमान में कमी होना शुरू हो गई है। जिसका असर आगामी दो- तीन दिन तक जारी रह सकता है। इसके बाद फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा।
पिछले साल की तुलना में ज्यादा तापमान
शेखावाटी में तापमान भले ही एक साथ साढ़े सात डिग्री गिरा हो, लेकिन अब भी पिछले साल की सर्दी का मुकाबले तापमान ज्यादा ही रहा। पिछले साल 16 नवंबर को फतेहपुर कृषि अनुसंधान केंद्र में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज हुआ था, जो इस बार अब भी साढ़े तीन डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार 18 नवंबर से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार है। जिसके असर से हिमालय क्षेत्र में बर्फबारी के साथ उतरी भारत के कुछ इलाकों में बरसात हो सकती है, जिसके असर से तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी का कारण बन सकती है।