6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News : राजस्थान में कई जगहों पर फिर लागू हुई आचार संहिता, जानें ये बड़ी वजह

Model Code of Conduct in Rajasthan : हालिया संपन्न हुए विधानसभा चुनाव को लेकर ज़ोर आज़माइश का घमासान थमे कुछ ही दिन बीते हैं, कि अब एक बार फिर से कई जगहों पर आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है।

2 min read
Google source verification
Election Commission Panchayat Bye Election Programme in Rajasthan

राजस्थान में हालिया संपन्न हुए विधानसभा चुनाव को लेकर ज़ोर आज़माइश का घमासान थमे कुछ ही दिन बीते हैं कि अब एक और चुनाव का रण सजने को तैयार है। प्रदेश भर की पंचायतों में तीन सौ से ज़्यादा रिक्त पड़े पदों पर अगले महीने यानी नए साल के आगाज़ के साथ ही उपचुनाव की हलचलें परवान पर रहने वाली हैं। ऐसे में पंचायत चुनाव वाले ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर से चुनावी माहौल नज़र आना तय है।

जनवरी में प्रस्तावित पंचायत उप चुनाव में उपसरपंच से लेकर पंच-सरपंच और पंचायत समिति सदस्य से लेकर प्रधान तक के रिक्त पदों पर पंचायत प्रतिनिधि चुने जाएंगे। गौरतलब है कि पंचायतीराज संस्थाओं में बीते 31 अगस्त तक विभिन्न कारणों से कई महत्वपूर्ण पद रिक्त हुए हैं। इसी के मद्देनज़र राज्य निर्वाचन आयोग ने कल बुधवार को उपचुनाव कार्यक्रम घोषित किया है।

आचार संहिता लागू
उपचुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता के प्रावधान लागू हो गई है, जो चुनाव प्रक्रिया समाप्ति तक लागू रहेगी।

जानें किसके, कितने पद पर उपचुनाव?

पद--- संख्या

प्रधान - 1
पंचायत समिति सदस्य - 7
सरपंच - 20
पंच - 265 पद
उप सरपंच - 24

ऐसा रहेगा चुनाव कार्यक्रम

पंचायत समिति सदस्य (7 पद)
- 2 दिसंबर -- अधिसूचना जारी होगी
- 30 दिसंबर - नामांकन भरने की अंतिम तिथि
- 1 जनवरी 2024 - दोपहर 3 बजे तक ले सकेंगे नाम वापस
- 1 जनवरी 2024 - चुनाव प्रतीकों का आवंटन, अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन
- 10 जनवरी - सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान
- 1 जनवरी - सुबह 9 बजे से पंचायत समिति मुख्यालय में मतगणना

प्रधान का उपचुनाव (1 पद)
- 12 जनवरी 2024 को बैठक के लिए नोटिस दिया जाकर सुबह 10 बजे बैठक होगी। नामांकन आवेदन सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत किये जा सकेंगे और 11:30 बजे तक इनकी जांच होगी। दोपहर 1 बजे के बाद उम्मीदवार सूची तैयार कर चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। आवश्यक होने पर मतदान 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना और परिणाम घोषणा होगी।

सरपंच (20 पद), पंच (265 पद) उपचुनाव

सरपंच एवं पंच के लिए उपचुनाव के लिए बैठक का नोटिस 11 जनवरी 2024 को जारी होगा। बैठक सुबह 10 बजे से आरंभ होगी। नाम निर्देशन पत्र 11 बजे तक प्रस्तुत किये जाएंगे जबकि उनकी जांच 11:30 बजे तक हो जायेगी।

चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की सूची 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तैयार कर चुनाव चिन्हों का आवंटन होगा। आवश्यक होने पर मतदान दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक होगा तथा मतदान के तुरंत बाद मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जाएगी।