
श्रीगंगानगर।
गहलोत सरकार ने एक तरफ जहां शुरूआती 100 यूनिट फ्री बिजली योजना लागू करके उपभोक्ताओं को बड़ी राहत का दावा किया है, वहीं श्रीगंगानगर में अघोषित बिजली कटौती आमजन के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। पुरानी आबादी की कई कॉलोनियों में शनिवार रात भर बिजली आपूर्ति ठप रही। यही हाल चक तीन ई छोटी का रहा। इस इलाके में ओवरलोड होने के कारण ट्रांसफार्मर धूं-धूं कर जल उठा। लोगों में खलबली भी मची।
वहीं कइयों ने अपने मोबाइल में वीडियो बनाकर वायरल भी किए लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हो पाया। ग्राम पंचायत पांच ई छोटी की विभिन्न कॉलोनियों, जवाहर नगर, अग्रसेन नगर, सेतिया कॉलोनी सहित कई इलाकों में लोगों ने तो आधी रात तक संबंधित जीएसएस में जाकर लिखित और व्यक्तिगत रूप से गुहार लगाई लेकिन सारी व्यवस्थाएं रामभरोसे नजर आई।
उमस भरी गर्मी से बेहाल लोगों ने चहल चौक और भगत सिंह चौक पर विद्युत कर्मियों से कई बार तकरार भी की। वहीं मोबाइल पर कॉल करने के लिए लोगों की होड़ सी लगी रही लेकिन अधिकांश लोगों को निराशा मिली।
बेबसी...सोने के बजाय जाग कर काटी रात
पुरानी आबादी के गुरु नगर, खालसा नगर, भरत नगर और लेबर कॉलोनी व अन्य इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप रही। इन इलाकों के बाशिंदों का कहना है कि शनिवार रात साढ़े 11 बजे से लेकर रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे तक बिजली आपूर्ति नहीं हो पाई। लोगों कहना था कि रातभर विद्युत निगम के अधिकारियों, कंट्रोल रूम और जीएसएस के नंबरों पर कॉल करते रहे लेकिन सिर्फ आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला।
गुरु नगर के सूरजभान पांडेय का कहना है कि शनिवार रात करीब बारह बजे विद्युत निगम के कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई तो वहां से जवाब मिला कि आपकी शिकायत दर्ज हो चुकी है। फाल्ट टीम आकर ही आपके एरिया में बिजली आपूर्ति बहाल करेगी।
शहर के अधिकांश इलाके में बिजली की बार बार कटौती करने, ट्रांसफार्मर के जलने और फ्यूज उड़ने का खामियाजा छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक भारी पड़ा। उमस भरी रात में हवा का झोंका तक नहीं आया। स्ट्रीट लाइट बंद होने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब गया। राम और राज दोनों ऐसे मासूम बच्चों के लिए परेशानी की। बुजुर्ग भी हवा को तरसे नजर आए। हर किसी की जुबां पर सरकारी सिस्टम को कोसने के सिवाय को कोई जोर नहीं रहा। कलक्टर-एसपी की ओर से किए गए मंथन के बावजूद भी विद्युत निगम का करंट नजर नहीं आया। हालांकि निगम की ओर से देर रात तक कई जगह फाल्ट दुरुस्त भी किए। इधर, निगम के अधिकारी बार बार लोड अधिक का रटारटाया जवाब देते रहे।
इसलिए भी रखी करंट पर नजर
चहल चौक जीएसएस से आपूर्ति होने वाले अधिकांश क्षेत्र में जहां बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने इसकी भी निगरानी की। कई जगह वोल्टेज कम होने तो कहीं ज्यादा वोल्टेज होने से बिजली के उपकरण जल गए। ऐसे में लोगों ने अपने फ्रीज जैसी आइटम को तब तक बंद रखा जब तक बिजली की नियमित सप्लाई नहीं हुई।
Published on:
26 Jun 2023 03:13 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
