
fight for bus ticket, driver and conductor beaten passenger
जयपुर। टिकट को लेकर कहासुनी के बाद बस चालक व कंडक्टर ने मिलकर युवक का सिर फोड़ दिया। मामला बढ़ता देखकर चालक ने युवक को छोडऩे आए व्यक्ति के ई रिक्शा को टक्कर मार दी और फिर बस लेकर भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी करवाई। पुलिस ने कानोता में बस को जब्त कर चालक व खलासी को पकड़ लिया। मामले की जांच ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस कर रही है। पुलिस के अनुसार मुरैना एमपी निवासी विजय ने जयपुर से मुरैना के बीच की प्राइवेट बस संचालक कम्पनी में टिकट बुक करवाई थी। विजय व उसके भाई को पोलोविक्ट्री से बस में बैठना था लेकिन वे वहां पर नहीं जा पाए।
उन्होंने रॉयल्टी चौराहा ट्रांसपोर्ट नगर में बस को रूकवा लिया और बस में चढ़ गए। उनकी सीट पर कोई अन्य व्यक्ति बैठा मिला। इसकों लेकर बस कंडक्टर व विजय में कहासुनी हो गई। इसके बाद कंडक्टर व चालक ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और सरिए से उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद घटना स्थल पर भीड़ जमा हो गई। विवाद बढ़ता देखकर चालक ने बस स्टार्ट की और विजय को छोडऩे आए व्यक्ति के ई रिक्शा को टक्कर मार दी और बस लेकर भाग निकला। पुलिस ने नाकाबंदी करवा कर कानोता में बस को रूकवाया। घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है। आज पीडि़त का मेडिकल करवाया जाएगा। विजय ने स्लीपर के दो टिकट बुक करवाए थे।
Published on:
30 Oct 2018 10:38 am
