— राजधानी में घूमे बच्चे, देखा आमेर का किला, हवामहल और विधानसभा, 31 बच्चे आए जयपुर
जयपुर . अब तक आसमान में उड़ते हवाई जहाज को देखकर उसमें सवार होने के सपने संजोने वाले 31 मेधावी बच्चों के अरमान आखिर पूरे हो गए। राउण्ड टेबल इंडिया ने अपने मिशन ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ को सार्थक बनाने के उद्देश्य से उदयपुर जिले के तीन सरकारी विद्यालयों के 31 बच्चों को फ्लाइट ऑफ फेंटेसी के तहत शनिवार को लेकसिटी से पिंकसिटी लेकर आया। यहां बच्चों ने पूरे दिन मौज मस्ती की। आज वे दोपहर को लेकसिटी लौटेंगे।
राउंड टेबल के दीपेश कोठारी ने बताया कि सरकारी स्कूल में अध्ययनरत इन होनहार बच्चों ने पहली बार हवाई सफर किया। इनके पांच शिक्षक हवाई यात्रा के सहभागी बनेंगे। इसके लिए राजस्थान पत्रिका और राउण्ड टेबल इंडिया, लेडिज सर्किल इंडिया का साझा आयोजन हुआ। शनिवार को बच्चों ने मसाला चौक में हुए कार्निवल में पपेट शो, मैजिक शो, लाइव बैड आदि का आनंद लिया। इसमें जयपुर के भी कई संस्थाओं के बच्चों ने भाग लिया।
आज इन बच्चों ने राउण्ड टेबल इंडिया के एरिया चेयरमैन अभिनव वाधवा के नेतृत्च में जयपुर के विभिन्न रमणीक स्थलों सहित आमेर फोर्ट , हवामहल और विधानसभा को देखा। इस दौरान राउण्ड टेबल इण्डिया (उदयपुर) के कपिल सुराणा, जयपुर के अंकित हिम्मतरखा, अनिरूदृध दीवान आदि लोग मौजूद थे।
बच्चों ने कहा पहली बार देखा जयपुर
प्लाइट में बैठे बच्चों ने बताया कि उनके लिए यह किसी आनंद से कम नहीं था। उड़ान भरना उनके लिए एक सपने जैसा था। उन्होंने इस उड़ान के लिए राजस्थान पत्रिका और राउण्ड टेबल इंडिया का धन्यवाद दिया। बच्चों ने बताया कि वे पहली बार जयपुर आए हैं। आज उन्हें राजधानी घूमने का मौका मिला बहुत अच्छा लगा।
ईश्वर सिंह ने बताया कि जयपुर आना बहुत अच्छा लगा। अभी तक जयपुर के बारे में सुना ही था। फ्लाइट में बैठना भी किसी रोमांच से कम नहीं था।
मंजू कंवर ने बताया कि पहली बार जयपुर आई। राजधानी के बारे में अभी तक सुना अब देखना बहुत अच्छा लगा।
प्रिया पंडित ने बताया आमेर किला, हवामहल, विधानसभा आदि देखा। पहली बार जयपुर आई। इसके लिए पत्रिका और राउण्ड टेबल इंडिया का धन्यवाद दिया।
संजना चंदेला ने बताया पहली फ्लाइट की ट्रिप है। जयपुर आना बहुत अच्छा लगा। फ्लाइट में उड़ना मेरा सपना था जो आज पूरा हुआ।