
जयपुर। राष्ट्र की सेवा में लगे राजस्थान के तीन शहीदों का शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। टोंक जिले के राजमहल निवासी सैनिक मिश्रीलाल मीणा और बानसून की गुजरांवाली ढाणी के संदीप यादव शुक्रवार सुबह आतंकी हमले में शहीद हुए थे। जबकि झालावाड़ जिले के लड़ानिया निवासी मुकुट बिहारी मीणा गुरुवार रात को आतंकियों की गोली का शिकार हो गए थे।
शहीद मुकुट बिहारी : नन्ही बेटी ने दी मुखाग्नि
कुपवाड़ा में शहीद हुए झालावाड़ जिले के लड़ानिया गांव निवासी मुकुट बिहारी मीणा का पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शहीद की चिता को उनकी पांच माह की बेटी आरू से मुखाग्नि दिलवाई गई।
इस मौके पर सेना की 21 सिख रेजिमेन्ट कोटा और राजस्थान पुलिस के जवानों ने गार्ड आफ ऑनर दिया। सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री बाबूलाल वर्मा ने शहीद को पुष्पचुक्र चढ़ाकर श्रद्धाजंलि अर्पित की।
कोटा से ही पार्थव देह के साथ आए कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एडीएम भवानीसिंह पालावत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से शहीद की पत्नी अंजना के नाम भेजे संदेश को पढक़र सुनाया।
नम आंखों से शहादत को किया सलाम
कश्मीर के अनन्तनाग में शुक्रवार सुबह अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के लिए जा रही पेट्रोलिंग के दौरान आतंकियों के हमले में शहीद हुए राजमहल के मिश्री लाल मीणा की शनिवार शाम को राजकीय सम्मान के साथ अंत्येष्टि की गई। शहीद के पुत्र विजय सिंह मीणा ने पिता की चिता को मुखाग्नि दी।
इससे पहले शहीद का पार्थिव शरीर कश्मीर से हैलिकॉप्टर के जरिए देवली और फिर सडक़ मार्ग द्वारा राजमहल लाया गया। शहीद के अंतिम दर्शनों के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहीद के निवास से माताजी रावता गांव तक लगभग चार किमी दूरी तक पुष्प वर्षा के साथ शव यात्रा निकाली गई।
पार्थिव देह को अंतिम सलामी से पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से कृषि मंत्री प्रभु लाल सैनी ने पुष्प चक्र भेंट किया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट की ओर से प्रतिपक्ष के उप नेता रमेश मीणा ने पुष्प चक्र भेंट किया। उनके परिवार में पत्नी बांची देवी, बेटा विजय सिंह और दो बेटियां बबली और रिंकू हैं।
संदीप यादव : नम आंखों से दी विदाई
बानसूर. अलवर. श्रीनगर के अनंतनाग जिले में आतंकियों की गोलीबारी में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवान संदीप यादव की शनिवार शाम को उनके पैतृक गांव गुजरांवाली ढाणी में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
शहीद के पुत्र आशीष व अक्षत ने मुखाग्नि दी। इससे पहले शनिवार शाम छह बजे उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया। संदीप यादव शुक्रवार सुबह दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के अचबल इलाके में अमरनाथ यात्रा में ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान आतंकियों की गोलीबारी में संदीप शहीद हो गए।
30 घंटे बाद शहीद की पार्थिव देह गांव पहुंचीं। शहीद की शवयात्रा में केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, प्रदेश के मंत्री हेमसिंह भड़ाना सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए। संदीप 2001 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे।
Updated on:
14 Jul 2018 10:25 pm
Published on:
14 Jul 2018 10:07 pm
