
ACB
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) के महानिदेशक बी.एल. सोनी के नाम से जालसाज गिफ्ट वाउचर के माध्यम से वसूली में जुटे हुए हैं। इस फर्जीवाड़े का खुलासा शुक्रवार को तब हुआ जब जालसाज ने यह मैसेज एसीबी के ही उप अधीक्षक व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के कई अधिकारियों को भेज दिया।
एसीबी मुख्यालय में ही तैनात ये अधिकारी जब डीजी के पास पहुंचे तो मैसेज देख वे भी चौंक गए। उनके निर्देश पर तत्काल स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में इसकी एफआइआर दर्ज कराई गई। यह एफआइआर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिशनाराम विश्नोई ने दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि तीन जून को सुबह उनको वॉट्सऐप पर एक मैसेज मिला।
यह मैसेज एसीबी डीजी बीएल सोनी की ओर से बताया गया। वॉट्सऐप नंबर पर डीपी में सोनी की वर्दी पहने फोटो भी लगी थी। मैसेज में लिखा था कि मैं अभी मीटिंग में हूं। इसके बाद उसने ई-कॉमर्स वेबसाइट के गिफ्ट वाउचर मांगे।
ऐसे मैसेज पुलिस अधीक्षक संजीव नैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, बिशनाराम तथा उप अधीक्षक राजेश व अन्य अधिकारियों को मिले। संयोग से बिशनाराम उस समय डीजी सोनी के कार्यालय में ही थे। उन्होंने सोनी को इस बारे में बताया तो मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उसके बाद बिशनाराम ने मामले की रिपोर्ट एसओजी थाने में दर्ज कराई। जालसाज की लोकेशन पता की तो वह पश्चिम बंगाल में मिली। अब एसओजी उसे तलाश रही है।
ग्रुप में दी सूचना
इस घटना के बाद डीजी बी.एल.सोनी ने एसीबी के ग्रुप में यह सूचना दी। इसमें बताया कि किसी के पास ही यह मैसेज आए तो उसकी जानकारी मुख्यालय में दें।
Published on:
04 Jun 2022 10:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
