
Rajasthan News : खुशखबर। राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने 24 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की। इस धनराशि से किसानों, व्यापारियों को उन्नत सुविधाएं मिलेगी। प्रदेश के किसा कृषि उपज मण्डी समिति को कितना धन मिला, जानें।
किसानों एवं व्यापारियों के लिए कृषि उपज मण्डी समितियों में अधिकाधिक सुविधाएं विकसित करने के क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 24 करोड़ रुपए की धनराशि के विकास कार्यों की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
सीएम भजनलाल ने कृषि उपज मण्डी समिति लालसोट, भवानीमण्डी, देवली एवं कोटपूतली में आधारभूत ढांचा विकसित करने के लिए 7 करोड़ 27 लाख रुपए से अधिक की राशि स्वीकृत की है। साथ ही, कृषि उपज मण्डी समिति लूणकरणसर, श्रीकरणपुर, बीकानेर (अनाज), पूगल रोड (अनाज), बीकानेर, खाजूवाला, श्रीमाधोपुर, नोखा, श्रीडूंगरगढ़ एवं पदमपुर में सम्पर्क सड़कों के निर्माण कार्य के लिए 16 करोड़ 73 लाख रुपए की स्वीकृति दी है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने उक्त कार्यों पर स्वीकृत लगभग 24 करोड़ रुपए की राशि से कृषि उपज मण्डी समितियों का आधारभूत ढांचा सुदृढ़ होगा। जिससे व्यापारियों एवं किसानों को अधिक से अधिक सुविधाएं मिलेंगी। वहीं सम्पर्क सड़कों के निर्माण से किसानों एवं आमजन की मण्डी समिति तक पहुंच सुगम होगी। साथ ही, किसानों को कृषि जिन्सों के विक्रय करने में समय एवं ईंधन की बचत भी होगी।
Updated on:
13 Feb 2025 02:56 pm
Published on:
13 Feb 2025 02:55 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
