नानी ने 55 हजार में नातिन को बेचा, डेढ़ महिने से कर रहा था बलात्कार
जयपुर. झारखंड की 13 साल की बालिका को उसकी नानी ने जयपुर में लाकर 55 हजार रुपए में एक महिला को बेच दिया। महिला ने बालिका को जबरन अपने घर में रखा, जहां उसके बेटे ने उसके साथ डेढ़ महीने तक बलात्कार किया। किशोरी ने विरोध किया तो महिला ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। वह रोती हुई शनिवार रात माणक चौक थाने पहुंची। पुलिस ने मेडिकल करवाकर बालिका को बालिका गृह में भेज दिया। इसके साथ ही रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को बलात्कार के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक की मां के साथ बालिका की खरीद फरोख्त में मध्यस्थ बनी महिला की तलाश जारी है।
थानाधिकारी राण सिंह सोढा ने बताया कि धाभाई जी का खुर्रा का निवासी विकास राणा (25) को गिरफ्तार किया गया है। वह फास्ट फूड का ठेला लगाता है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि विकास की मां सुनीता झारखंड आती जाती रहती थी। वह दो महीने पहले सब्जी वाली एक महिला के माध्यम से बालिका की नानी से मिली। सुनीता ने बेटे की शादी की बात की और 55 हजार रुपए में बालिका को सौंपने के लिए कहा। सुनीता ने बालिका को जयपुर मंगवा लिया।
पुलिस ने बताया कि नानी और सब्जी बेचने वाली महिला उसे लेकर धाभाई जी का खुर्रा स्थित सुनीता के किराये के मकान पर पहुंचे। सुनीता ने नानी को 40 हजार और महिला को 15 हजार रुपए का भुगतान किया। उसके बाद बालिका को यहीं छोड़ नानी झारखंड चली गई। सुनीता सफाईकर्मी है। उसके ड्यूटी पर जाने के बाद उसका बेटा बालिका से बलात्कार करता। इस बीच युवक एक युवती को घर ले आया और उसे साथ रखने लगा।
बालिका सुनिता को कई बार आपबीती बताती, लेकिन वह उसे ही डांट कर चुप करा देती। बच्ची ने विकास का विरोध किया तो सुनीता ने उसे मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वह थाने पहुंची तो मामला पुलिस की जानकारी में आया।
Published on:
07 Feb 2023 04:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
