
ग्रेटर नगर निगम...कचरा संग्रहण में शुरू होगी नई व्यवस्था, पैसे भी लगेंगे
जयपुर. ग्रेटर नगर निगम में इस माह के अंत तक दो जोन में कचरा संग्रहण की नई व्यवस्था लागू हो जाएगी। निगम की स्वास्थ्य शाखा ने मुरलीपुरा और मालवीय नगर जोन के टेंडर कर दिए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कम्पनी महीने के अंत तक कचरा संग्रहण करने लगेगी। मुरलीपुरा जोन के 21 वार्डों में कचरा उठाने के लिए 52 हूपर और मालवीय नगर के 26 वार्डों में 65 हूपर संचालित होंगे। खास बात यह है कि इस बार हूपर का साइज बढ़ाया गया है। अभी जो हूपर संचालित हो रहे हैं, इनकी कचरा लेने की क्षमता 600 किलो तक है। नए हूपर 1200 किलो कचरा आसानी से ले जा सकेंगे। इस बार निगम शहरवासियों से कचरा उठाने के पैसे भी लेगा। हालांकि, निगम प्रशासन अभी तक यह तय नहीं कर पाया है कि पैसे सीधे लोगों से लिए जाएं या फिर बिजली और पानी के बिल के जरिए लिए जाएं।
व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे
आयुक्त के दौरे के बाद सभी जोन उपायुक्त सक्रिय हो गए हैं। नियमित रूप से सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और सुबह दो से तीन घंटे तक फील्ड में रहकर सफाई भी देख रहे हैं।
पांच जोन में लगेगा अभी वक्त
विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा जोन की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसा माना जा रहा है कि अगले एक महीने में इन जोन में भी कचरा संग्रहण की नई व्यवस्था हो जाएगी।
हूपर लगाए जाएंगे दूसरे वार्डों में
एक्सईएन प्रोजेक्ट मनोज शर्मा ने बताया कि जिन दो जोन में कम्पनी के हूपर आ जाएंगे तो यहां के 94 हूपर दूसरे जोन में भेज दिए जाएंगे। अभी हर वार्ड में निगम दो हूपर संचालित करवा रहा है। ऐसे में जिन वार्डों का क्षेत्रफल ज्यादा है, वहां पर अतिरिक्त हूपर की मांग पार्षद कई दिन से कर रहे हैं।
राहत देने का कर रहे प्रयास
कचरा संग्रहण में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। दो जोन में जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। 12 जुलाई को बाकी जोन के टेंडर खुलेंगे। नई व्यवस्था में शहरवासियों को किसी भी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसको ध्यान में रखते हुए नियम और शर्तें बनाई हैं।
-महेंद्र सोनी, आयुक्त, ग्रेटर नगर निगम
Published on:
11 Jul 2022 11:55 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
