12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

संघर्ष समिति और गहलोत सरकार के बीच बनी सहमति, गुर्जर आंदोलन स्थगित

राज्य सरकार और गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति की 6 बिन्दुओं पर सहमति बन गई।
2 min read
Google source verification
bainsla_meets_gehlot.jpg

जयपुर। राज्य सरकार और गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति की 6 बिन्दुओं पर सहमति बन गई। मंत्रिमंडलीय उप समिति के साथ गुर्जर आंदोलन के अगुआ कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की जयपुर स्थित आरएसईबी गेस्ट हाउस में 6 घंटे मैराथन बैठक चली।

इसके बाद बैंसला रात को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मुलाकात करने मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। गुर्जर समाज की 6 मांगों पर सरकार के साथ बैंसला गुट का समझौता हो गया है। समझौता पत्र पर मंत्रिमंडलीय उप समति और बैंसला ने हस्ताक्षर किए। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री निवास के बाहर उन्होने समझौता पत्र मीडिया को दिखाया।

मुख्यमंत्री निवास पर बैंसला और उनके पुत्र विजय बैंसला ने पत्रकारों से कहा कि सरकार के साथ इस तरह की सहमति पहले भी होती रही हैं। हमें सरकार पर विश्वास है। अभी एक आध बिन्दु पर दो बैठकें और होंनी जरूरी हैं। अब धरना स्थल पर जाकर समाज को इस समझौते की जानकारी देंगे और सभी की राय के बाद आंदोलन स्थगित किया जाएगा।

उर्जा मंत्री बीडी कल्ला की अध्यक्षता में मंत्रिमंडलीय उप समिति के साथ बैंसला, उनके पुत्र विजय बैंसला सहित गर्जर प्रतिनिधिमंडल के 11 सदस्यों की बैठक दोपहर को शुरू हुई। समिति में शामिल श्रम राज्यमंत्री टीकाराम जूली व तकनीकी शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष गर्ग भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान बैंसला की तबीयत ठीक नहीं रही।

बैंसला भर्ती, सांस में तकलीफ
मंत्रिमंडलीय उप समिति की बैठक के बाद बैंसला मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद उनकी फिर तबीयत खराब हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ है। उन्हें अस्पताल के आईडीएस सेंटर में बुधवार देर रात लाया गया। जहां उनकी आवश्यक जांच की गई। उनकी तबीयत फिलहाल स्थिर है। बैंसला का कोविड-19 जांच नमूना भी लिया गया है।

मांगों पर सहमति...
बैंसला एवं अन्य प्रतिनिधियों के साथ लम्बी बैठक चली। सरकार ने उनकी ओर से रखी मांगों पर सहमति जताई है। प्रतिनिधिमंडल संतुष्ट हो गया है। अब आंदोलन स्थगित हो जाएगा।
-बीडी कल्ला, अध्यक्ष, मंत्रिमंडल उप समिति

इन बिन्दुओं पर हुआ समझौता...

1. गुर्जर आरक्षण आंदोलन के मृतक कैलाश गुर्जर, मानसिंह गुर्जर एवं बद्री गुर्जर के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की सहायता एवं आश्रित को सरकारी नौकरी।

2. एमबीसी वर्ग के 1252 अभ्यर्थियों को नियमित वेतन श्रृंखला के समकक्ष समस्त परिलाभ दिए जाएगा।

3. आंदोलन के दौरान 11 नवम्बर तक दर्ज हुए मुकदमों की वापसी। दुर्भावना से कोई गिरफ्तारी नहीं। मॉनिटरिंग के लिए त्रैमासिक बैठक।

4. प्रक्रियाधीन भर्तियों के लिए एक समिति गठित होगी। ये समिति गुर्जर आरक्षण समिति का पक्ष सुनेगी।

5. मलारना डूंगर में 15 फरवरी, 2019 के समझौते के अनुसार कार्यवाही सुनश्चित की जाएगी।

6. देवनारायण योजना के तहत जयपुर में एमबीसी वर्ग की बालिका छात्रावास के लिए 50 और नए बैडों की स्वीकृति।