जयपुर. रवि योग और अमृत सिद्धि योग के संयोग में आज गुरु पुष्य नक्षत्र में शहर के गणेश मंदिरों में प्रथम पूज्य भगवान गजानन का पंचामृत अभिषेक किया गया। शहर के मोती डूंगरी गणेशजी मंदिर में महंत कैलाश शर्मा के सान्निध्य में आज सुबह भगवान गजानन का 151 किलो दूध, 11 किलो दही, सवा दो किलो घी, 11 किलो बुरा, शहद से अभिषेक किया गया। उसके बाद गुलाब जल, केवड़ा जल एवं गंगाजल से शुद्ध स्नान कराया गया। भगवान को नवीन पोशाक धारण करवाकर श्री गणपति सहस्त्रनाम से 1001 मोदक अर्पित किए गए। इसके बाद रक्षा सूत्र व अच्छ स्वास्थ्य के लिए श्रद्धालुओं को हल्दी प्रसाद वितरित किया गया।